अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में से एक जे पी. मॉर्गन चेज में सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण हजारों ग्राहक परेशान हुए। लोगों को ऑनलाइन अकाउंट खोलने, बैलेंस देखने, पेमेंट भेजने और ट्रांजेक्शन पूरा करने में दिक्कत हुई।
इसका असर जे. पी. मॉर्गन चेज के अलावा बैंक ऑफ अमेरिका, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो, कैपिटल वन और ट्रूइस्ट जैसे बड़े बैंकों पर भी पड़ा।
अमेरिका में जेपीमॉर्गन चेस के 8.6 करोड़ से ज्यादा कस्टमर्स हैं। बैंक की सर्विसेज अब दोबारा ठीक हो गई है।
पूरे मामले को 7 सवाल-जवाब में समझें…
सवाल 1. जे.पी. मॉर्गन चेज में यह खराबी किस वजह से आई?
जवाब: जे.पी. मॉर्गन चेज के प्रवक्ता जो इवेंजेलिस्टी ने कहा यह समस्या बैंक के अपने ही कंप्यूटर सर्वर सिस्टम में आई एक तकनीकी गड़बड़ी यानी सॉफ्टवेयर बग के कारण पैदा हुई है।
आसान शब्दों में कहें तो बैंक के अपने डेटा सेंटर में लगे मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में एक प्रोग्रामिंग एरर आ गया था, जिसकी वजह से ट्रांजैक्शन और अन्य बैंकिंग सेवाओं में कुछ समय के लिए रुकावट आई।
सवाल 2. ट्रांजेक्शन के दौरान ग्राहकों को स्क्रीन पर क्या मैसेज दिख रहा था?
जवाब: तकनीकी खराबी के दौरान जब बैंक के ग्राहकों ने अपनी ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की कोशिश की, तो कई यूजर्स को स्क्रीन पर एक एरर मैसेज दिखाई दिया। इसमें लिखा था- “कुछ सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। हम उन पर काम कर रहे हैं। कृपया बाद में दोबारा प्रयास करें।”
सवाल 4. समस्या जेपीमॉर्गन चेस में आई, तो बाकी बैंकों पर इसका असर कैसे पड़ा?
जवाब: यह पूरे बैंकिंग सिस्टम की खराबी नहीं थी। अन्य बैंक केवल उसी हद तक ट्रांजेक्शन में धीमेपन से प्रभावित हुए, जहां वे चेज बैंक साथ किसी लेन-देन में शामिल थे। यानी बैंक ऑफ अमेरिका और सिटीग्रुप जैसे बैंकों की अपनी सेवाएं सामान्य रूप से चल रही थीं।
सवाल 5. मनी ट्रांसफर प्लेटफॉर्म ‘जेले’ पर इस तकनीकी खराबी का क्या असर हुआ?
जवाब: जेले का इस्तेमाल करने वाले हजारों ग्राहकों को पेमेंट भेजने और रिसीव करने में देरी हुई। यूएस बैंक के एक प्रवक्ता ने बताया कि उनके बैंक के सिस्टम सीधे तौर पर प्रभावित नहीं हुए हैं, लेकिन “जो ग्राहक किसी दूसरे फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन के साथ जेले पेमेंट भेजने या रिसीव करने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें ट्रांजेक्शन में देरी का सामना करना पड़ा।
सवाल 6. कितने कस्टमर्स इस आउटेज से प्रभावित हुए हैं?
जवाब: आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउन डिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, अकेले जेपीमॉर्गन चेज के 4,700 से ज्यादा कस्टमर्स ने समस्या रिपोर्ट की। इसी दौरान बैंक ऑफ अमेरिका के 2,000 से ज्यादा और यूएस बैंक के 1,060 कस्टमर्स ने दिक्कत दर्ज कराई। वेल्स फार्गो, कैपिटल वन, ट्रूइस्ट और जेले के भी सैकड़ों यूजर्स ने दोपहर के समय सर्विस बाधित होने की शिकायत की।
सवाल 7. इससे पहले भी हाल के दिनों में अमेरिका में ऐसी बड़ी तकनीकी खराबी देखी गई है?
जवाब: हां, बैंकिंग आउटेज से ठीक कुछ दिन पहले अमेरिका की अर्थव्यवस्था के अन्य हिस्सों में भी बड़ी तकनीकी समस्याएं आई थीं। पिछले गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट में एक बड़ा आउटेज हुआ था, जिससे आउटलुक , टीम्स और AI असिस्टेंट कोपायलट जैसी सेवाएं ठप हो गई थीं।
पिछले शुक्रवार को अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई खराबी के कारण देश भर की सभी उड़ानों को कई घंटों के लिए रोकना पड़ा था, जिससे वीकेंड के दौरान हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। इसके अलावा, सोमवार को ही यूनाइटेड एयरलाइंस ने भी बताया कि उन्होंने अपने आंतरिक सिस्टम में आई एक खराबी को ठीक कर लिया है, जिसके कारण उनकी कई उड़ानों के प्रस्थान में देरी हुई थी।
सवाल 8. इस तरह की तकनीकी खराबी से आम ग्राहकों को क्या नुकसान होता है?
जवाब: जब किसी बड़े बैंक के सर्वर या सॉफ्टवेयर में बग आता है, तो ग्राहकों के रोजमर्रा के पेमेंट अटक जाते हैं। बिल पेमेंट, सैलरी ट्रांसफर और इमरजेंसी में पैसे भेजने जैसे जरूरी काम रुक जाते हैं। खासतौर पर जब एक बड़ा बैंक दूसरे बैंकों के साथ इंटर-बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़ा होता है, तो दूसरे बैंकों के ग्राहकों के फंड भी अस्थायी रूप से फंस जाते हैं, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
अकेले जेपीमॉर्गन चेस के 8.6 करोड़ से ज्यादा कस्टमर
चेस अमेरिका के 8.6 करोड़ से ज्यादा कस्टमर्स को सर्विस देता है। इसकी 5000 ब्रांच हैं और अमेरिका के कुल डिपॉजिट का 10% से ज्यादा हिस्सा उसके पास है। इसलिए सिर्फ 5,000 शिकायतों से असल असर का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि उन्हें ब्रांच में भी चेक कैश कराने, ATM कार्ड चलाने और ट्रांजेक्शन पूरा करने में दिक्कत हो रही है।