देश भर में जारी कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को 192.40 करोड़ से अधिक डोज की खेप दी जा चुकी है। वहीं देश में कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मामलों के आंकड़ों में भी बढ़त दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से यह जानकारी शुक्रवार को दी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के पास कोरोना वैक्सीन के 20.10 करोड़ से अधिक डोज अभी शेष हैं जिनका उपयोग किया जा सकता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 15,079 हो गया है। एक दिन में 2,527 नए संक्रमितों की पहचान हुई और 33 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद देश भर में अब तक कोरोना संक्रमण के मामले 4,30,54,952 हो गए। कोविड-19 के कारण मृतकों का आंकड़ा 5,22,149 हो गया है।
भारत में कोरोना रोधी वैक्सीनेशन की शुरुआत 16 जनवरी 2021 से की गई थी जो अब तक जारी है। इस अभियान की शुरुआत कोवैक्सीन व कोविशील्ड के साथ हुई थी। बता दें कि वैक्सीन के अधिक उत्पादन के साथ ही इस अभियान में तेजी आती गई। महत्वपूर्ण बात यह रही की सरकार ने वैक्सीनेशन अभियान शुरू करने के साथ ही देश भर में कोरोना वैक्सीन की मुफ्त सप्लाई शुरू कर दी जो अब तक जारी है।