मोहन भागवत ने भगवा को बताया देश की शान:कहा- सनातन को किसी से सर्टिफिकेट की जरुरत नहीं

संघ प्रमुख मोहन भागवत बुधवार को भगवा रंग को देश की शान बताया है। उन्होंने कहा कि आज आप भगवा रंग धारण कर देश की शान बढ़ाने का संकल्प ले रहे हैं। वह समय की कसौटी पर खरा उतरा है। बाकी सब कुछ बदल जाता है। वह पहले भी था, आज भी है और कल भी रहेगा। हमें अपने कैरेक्टर से लोगों को सनातन समझाना होगा। इसके लिए सनातन को किसी से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं।

संघ प्रमुख मोहन भागवत बुधवार को हरिद्वार के भागवत ऋषिग्राम पहुंचे थे। वहां उन्होंने पतंजलि योग पीठ में संन्यास दीक्षा महोत्सव को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर साथ बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद थे। बाबा रामदेव आज रामनवमी पर वीआईपी घाट पर 100 युवाओं को संन्यास की दीक्षा देंगे।

रामदेव बोले- देश के क्रांतीकारियों का सपना पतंजलि पूरा कर रही
स्वामी रामदेव ने कहा कि भारत का एजुकेशन सिस्टम का महर्षि दयानन्द, स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी और सभी क्रांतिकारियों का सपना आजादी के 75 वर्ष बाद पतंजलि पूरा कर रहा है। देश स्वतंत्र हो गया, लेकिन एजुकेशन और हेल्थ सिस्टम अपना नहीं है। गुलामी की रस्मों एवं निशानियों को मिटाना है। यह कार्य संन्यासी ही कर सकते हैं।

भागवत ने नागपुर में कहा था- हमें धर्म के लिए दृढ़ रहना चाहिए
इससे पहले उन्होंने जनवरी में नागपुर में ‘धर्मभास्कर’ पुरस्कार कार्यक्रम में कहा था कि हमें अपने धर्म पर दृढ़ रहना चाहिए। भले ही इसके लिए हमें मरना ही क्यों ना पड़े। उन्होंने कहा था कि सनातन धर्म, हिंदू राष्ट्र है जब भी हिंदू राष्ट्र का उत्थान होता है तो वह देश के लिए होता है। धर्म का दायरा बहुत बड़ा है जिसके बिना जीवन नहीं चल सकता।

उन्होंने कहा था कि अनुकूल परिस्थितियों में सब ठीक रहता है, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में हम संतों को याद करते हैं। धर्म इस देश का सत्व है और सनातन धर्म हिंदू राष्ट्र है। हिंदू राष्ट्र जब-जब उन्नति करता है, उस धर्म के लिए ही प्रगति करता है और अब यह ईश्वर की इच्छा है कि सनातन धर्म का उदय हो और इसलिए हिंदुस्तान का उत्थान निश्चित है।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार यानी आज एक दिवसीय दौरे पर हरिद्वार जाएंगे। यहां वे गुरुकुल कांगड़ी यूनिवर्सिटी के 113 वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसको लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा चुकी हैं। इस दौरान शाह को विद्या मार्तंड की उपाधि भी दी जाएगी। इसके बाद गृह मंत्री पतंजलि योगपीठ में यूनिवर्सिटी का उद्घाटन करेंगे।