दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे रेसलर्स पर हुए अटैक को लेकर हरियाणा के सोनीपत में किसान रोड पर आ गए हैं। बड़ी संख्या में किसान कुंडली बॉर्डर के पास केएमपी जीरो पॉइंट पर जमा हैं। वे पहलवानों के लिए सब्जियां लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। हालांकि दिल्ली बॉर्डर के पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। किसान दिल्ली जा पाएंगे या नहीं, इस पर अभी संशय है।
केएमपी पर विरोध प्रदर्शन
सूचना ये भी है कि किसानों और खापों से जुड़े लोगों को दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। इस बीच किसानों ने केएमपी जीरो पॉइंट फ्लाइओवर के नीचे दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने चेतावनी दी कि दिल्ली की सड़कें किसानों के खेतों से होकर गुजरती हैं। इनको ब्लॉक कर दिया जाएगा।
सब्जियां लेकर जाएंगे किसान
सोनीपत से संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनीतिक) के पदाधिकारियों और किसानों ने दिल्ली कूच का ऐलान किया है। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ के नेतृत्व में किसान KMP फ्लाइओवर के नीचे जमा हुए हैं। वे पहलवानों के लिए सब्जियां आदि लेकर पहुंचे हैं।
किसानों ने दी ये चेतावनी
किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि BJP का नया भारत ऐसा है, जिसमें बृजभूषण के खिलाफ मामले दर्ज हैं। वह खुलेआम सड़कों पर घूम रहा है। दिल्ली पुलिस ने अभी तक के पूछताछ के लिए भी नहीं बुलाया है। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस के सिपाही शराब पीकर महिला और अन्य पहलवानों को गंदी गालियां देते हैं और सिर फोड़ देते हैं। भाजपा के सांसद, पुलिस, सरकार बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
न पानी देंगे, न बिजली
अभिमन्यु ने कहा कि पहलवानों का बिजली-पानी रोकनी वाली सरकार जान ले कि दिल्ली की तरफ जाने वाली सड़कें किसानों के खेतों से होकर निकलती हैं। सरकार सड़कों को रोकने में ज्यादा देर नहीं लगाएंगे। दिल्ली के पानी को भी बंद करने की चेतावनी किसानों ने दी है। हरियाणा पंजाब के खेतों से दिल्ली की तरफ जाने वाली बिजली लाइन भी काटने की दी चेतावनी किसान नेता ने दी है।
पंजाब से भी पहुंच जाएंगे किसान
किसान नेताओं ने कहा कि किसान आंदोलन की भांति दिल्ली को भी सील कर दिया जाएगा। किसानों ने कहा कि वे किसी भी लड़ाई को लड़ने को तैयार हैं। जंतर मंतर जाने के लिए मौत को भी गले लगाने को तैयार हैं। किसान नेता सुखविंदर सिंह ने कहा कि पंजाब के किसानों का कहना कि हरियाणा के किसानों और महिला पहलवानों ने आने का न्योता दिया तो पंजाब से ट्रैक्टर ट्राली लेकर वे दिल्ली के लिए निकल लेंगे।