बिहार विधानसभा चुनाव के पहले फेज के मतदान में सिर्फ 3 दिन बाकी हैं। 6 नवंबर को फर्स्ट फेज की वोटिंग होगी। इससे पहले महागठबंधन के नेताओं की ओर से जोर-शोर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज यानी सोमवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी बिहार के तीन जिलों सहरसा, समस्तीपुर और लखीसराय में जनसभा और रोड शो करेंगी।
प्रियंका गांधी सबसे पहले सुबह 11.30 बजे सहरसा के सोनबरसा में कांग्रेस प्रत्याशी सरिता पासवान के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे समस्तीपुर के रोसड़ा में 2KM का रोड शो करेंगी। फिर लखीसराय में दोपहर 2 बजे जनसभा को संबोधित करेंगी।
लखीसराय में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए करेंगी जनसभा
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी सोमवार को लखीसराय के KRK मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी अमरेश कुमार अनीश के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगी। यहां पहले चरण में मतदान होना है, ऐसे में प्रियंका की यह सभा काफी अहम होने वाली है।
प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने कड़े इंतजाम किए हैं। मैदान और आसपास के इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी संख्या में तैनाती की गई है।
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष बैरिकेडिंग की गई है।
दर्शकों के लिए हैंगर सिस्टम वाला पंडाल
लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभा स्थल पर हैंगर सिस्टम वाला पंडाल बनाया गया है, ताकि समर्थक आराम से बैठकर प्रियंका गांधी का भाषण सुन सके। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रियंका के आगमन को लेकर उत्साह है। शहर में जगह-जगह पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं और समर्थक रैली को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटे हैं।
समस्तीपुर के रोसड़ा में रोड शो करेंगी प्रियंका गांधी
समस्तीपुर के रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र सुरक्षित हैं। यहां कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व डीजीपी बीके रवि के समर्थन में रोड शो करेंगी। वे करीब दो किलोमीटर का रोड शो करेंगी, जो हेलीपैड से शुरू होकर गांधी स्मारक तक जाएगा। गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद रोड शो का समापन किया जाएगा।
बेगूसराय में कहा था- बिहार में दिनदहाड़े हत्या हो रही है
इससे पहले बेगूसराय के बछवाड़ा में प्रियंका गांधी ने शनिवार (1 नवंबर) को सभा की थी। बिहार में बढ़ते क्राइम को लेकर प्रियंका ने सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा, बिहार में क्राइम चरम पर है। उद्योगपतियों की हत्या हो रही है। हाल में चुनाव प्रचार में नेता की हत्या कर दी गई। महिलाएं असुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि 20 सालों से बिहार में NDA की सरकार है। आपको आपके अधिकार नहीं दिए गए। आपको बांटने की राजनीति की। देशभर में झूठा राष्ट्रवाद दिखाया गया।