हरियाणा के 7 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे:बहादुरगढ़ और रोहतक में हवा सबसे जहरीली; 4 दिन तक लगातार गिरेगा पारा

हरियाणा में तापमान लगातार गिर रहा है। करीब एक सप्ताह से राज्य के सात शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञ मदन लाल खीचड़ के अनुसार, 18 नवंबर तक तापमान में और गिरावट जारी रहेगी। वहीं, नमी बढ़ने और पराली जलाने की घटनाओं के कारण वायु प्रदूषण का स्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।

बहादुरगढ़ और रोहतक में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया है, जिससे यहां की हवा देश में सबसे प्रदूषित श्रेणी में आ गई है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए दोनों शहरों में पांचवीं तक के स्कूल बंद करने पर विचार किया है। इससे पहले जींद में AQI 418 दर्ज किया गया था, जहां प्रशासन ने पहले ही पांचवीं तक के स्कूल बंद कर दिए थे।

पराली जलाने पर सरकार की सख्ती

प्रदूषण बढ़ने के साथ ही सरकार ने पराली जलाने के मामलों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। हिसार जिले में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ने पर सरकार के आदेश पर हांसी के एसडीओ, अग्रोहा और बरवाला खंड के कृषि अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा 45 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

हिसार में दर्ज हुए 22 पराली जलाने के केस

हिसार के कृषि उपनिदेशक राजवीर सिंह ने बताया कि जिले में अब तक पराली जलाने के 22 मामले दर्ज किए गए हैं। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे पराली न जलाएं और वैकल्पिक प्रबंधन उपायों का पालन करें ताकि प्रदूषण और स्वास्थ्य जोखिमों को कम किया जा सके।

एक्सपर्ट ने बताया-आगे कैसा रहेगा मौसम

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 18 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है।

इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है जिससे सुबह व शाम को हल्की ठंड रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी परंतु रात्रि तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है।

E-Paper 2025