हरियाणा के रेवाड़ी जिले में चाऊमीन को लेकर दुकानदार ने युवक को चाकू घोंप दिया। इससे उसके पेट की आंत बाहर निकल आई। हमले के बाद युवक 100 मीटर तक लहूलुहान हालत में दौड़ा और फिर वहीं जमीन पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल युवक को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
अभी युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। बावल थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेवाड़ी के गांव भगवानपुर निवासी कृष्ण कुमार (22) ने बताया कि देर शाम वह अपने दोस्त गांव सुबासेड़ी निवासी मोनू, कर्ण उर्फ उपप्लू, साहिल के साथ दो बाइकों पर घर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में गांव नंगली परसापुर चौक पर हवा सिंह उर्फ लाला की दुकान पर चाऊमीन खाने रुक गए।
ऑर्डर लेट होने पर हुआ झगड़ा
कृष्ण ने बताया कि उन्होंने हवा सिंह को 100 रुपए की चाऊमीन का ऑर्डर दिया। ऑर्डर आने में काफी देर हो गई। जिसके बाद उन्होंने जल्दी से ऑर्डर लगाने की बात कही। इसी बात को लेकर उसकी और हवा सिंह की अनबन हुई। कृष्ण ने कहा कि हवा सिंह ने गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दी। तभी उसका नौकर लाखनौर निवासी विनय चाकू लेकर पहुंच गया।
पेट से आंत निकलकर बाहर आई
आरोप है कि विनय ने कृष्ण के पेट में एक नहीं बल्कि कई बार चाकू घोंपा। हमला होता देख कृष्ण के बाकी दोस्त बाइक लेकर भाग गए। जबकि गंभीर रूप से घायल कृष्ण लहूलुहान हालत में पैदल ही 100 मीटर तक दौड़ा। उसकी नजर पेट पर गई तो आंतें बाहर निकली हुई थी। खून काफी बह चुका था। जिसकी वजह से वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया।
प्राइवेट अस्पताल में चल रहा इलाज
सूचना के बाद बावल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कृष्ण को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। फिलहाल कृष्ण का एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल युवक बेरोजगार है।
दोनों आरोपी फरार, पकड़ने में जुटी पुलिस
बावल थाना प्रभारी लाजपत ने बताया कि मामले में दुकान मालिक हवा सिंह और उसके नौकर विनय के खिलाफ धारा 324/307/34 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।