महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को चुनाव आयोग को लेटर लिखा। यह लेटर चुनाव आयोग का राहुल को भेजे लेटर का जवाब है।
दरअसल 12 जून को इलेक्शन कमीशन (EC) ने राहुल को लेटर लिखा था। जिसमें राहुल को विधानसभा चुनाव में धांधली के उनके आरोपों पर चर्चा के लिए बुलाया गया था।
अब 13 दिन बाद राहुल तो EC से मिलने नहीं गए लेकिन कांग्रेस की तरफ से जवाबी खत भेज दिया गया। जिसमें पार्टी की मांग है कि उन्हें महाराष्ट्र चुनाव में वोटर्स लिस्ट की डिजिटल कॉपी दी जाए। साथ ही वोटिंग डे की वीडियोग्रॉफी उपलब्ध कराएं।
कांग्रेस ने कहा, अगर एक हफ्ते के अंदर चुनाव आयोग उन्हें डेटा भेज देता है तो वह उसकी जांच-पड़ताल करके EC से चर्चा के लिए तैयार हैं।
चुनाव आयोग ने कहा था- देश में चुनाव पारदर्शी होते EC ने 12 जून को राहुल को भेजे लेटर में लिखा था कि भारत की संसद के पारित इलेक्टोरल लॉ, उसके नियमों और समय-समय पर चुनाव आयोग के निर्देशों के जरिए बहुत सख्ती से देश में चुनाव आयोजित कराए जाते हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रक्रिया विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सेंट्रलाइज्ड आयोजित की जाती है।
इसमें EC के नियुक्त 1,00,186 से ज्यादा BLO, 288 इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर, 139 जनरल ऑब्जर्वर, 41 पुलिस ऑब्जर्वर, 71 खर्च ऑब्जर्वर और 288 रिटर्निंग अधिकारी और महाराष्ट्र में राष्ट्रीय और राज्य राजनीतिक दलों के नियुक्त 1 लाख 8 हजार 26 बूथ स्तरीय एजेंट शामिल हैं। इनमें कांग्रेस के 28,421 एजेंट शामिल हैं।
राहुल ने क्या आरोप लगाया था-
महाराष्ट्र चुनाव में मैच फिक्सिंग की गई थी। इसी तरह की फिक्सिंग अब बिहार में होगी, फिर वहां होगी जहां भाजपा हारती दिख रही हो।
राहुल ने लिखा- आरोप छिपाना ही कबूलनामा
राहुल गांधी ने X पर लिखा था- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री (देवेंद्र फडणवीस) के निर्वाचन क्षेत्र की वोटर लिस्ट में 5 महीनों में 8% वोटर बढ़ गए थे। कुछ बूथों पर 20 से 50% तक वोटर बढ़े। बीएलओ ने अज्ञात लोगों के वोट डालने की खबर दी।
मीडिया ने बिना वेरिफिकेशन पते वाले हजारों मतदाताओं का पता लगाया। इस पर चुनाव आयोग चुप है। क्या ये मिलीभगत है। ये अलग-अलग गड़बडियां नहीं हैं। यह वोटों की चोरी है। इसे छिपाना ही कबूलनामा है। इसलिए हम मशीन रीडेबल डिजिटल वोटर लिस्ट और CCTV फुटेज को तुरंत जारी करने की मांग करते हैं।
महाराष्ट्र CM बोले- झूठ बोले कौवा काटे
महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस ने राहुल के दावे पर कहा- ये कांग्रेस की हार से उपजा एक हताशा भरा दावा है। झूठ बोले कौवा काटे, काले कौवे से डरियो। यह साफ है कि महाराष्ट्र में आपकी पार्टी की अपमानजनक हार का दंश दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। आप कब तक अंधेरे में तीर चलाते रहेंगे?
फडणवीस ने कहा- बेहतर होता कि आप (राहुल गांधी) ये पोस्ट करने से पहले अपने पार्टी सहयोगियों, असलम शेख, विकास ठाकरे और नितिन राउत जैसे लोगों से बात करते। कम से कम कांग्रेस के भीतर संवाद की इतनी बड़ी कमी सार्वजनिक रूप से उजागर नहीं होती।
फडणवीस ने गिनाई वो सीटें, जहां वोटर्स बढ़े और कांग्रेस+सहयोगी जीते
- पश्चिमी नागपुर में वोटर्स में 7% की (27065 मतदाता) वृद्धि हुई। कांग्रेस के विकास ठाकरे जीते।
- उत्तर नागपुर में 7% की वृद्धि (29,348 मतदाता) हुई। यहां कांग्रेस के नितिन राउत जीते।
- पुणे में वडगांव शेरी में 10% की बढ़ोतरी (50,911 मतदाता) के साथ शरद पवार गुट के बापू पठारे ने जीत हासिल की।
- मुंब्रा में 9% की वृद्धि (46,041 मतदाता) के साथ शरद पवार गुट के जितेंद्र आव्हाड ने जीत दर्ज की।