पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबरॉय की 6 फरवरी की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे 52 साल के थे। स्कूटी पर आए हमलावरों ने उन्हें 6 गोलियां मारीं। 5 सीने में और एक गोली सिर पर लगी।
लक्की ओबेरॉय मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। जैसे ही वे गुरुद्वारे से निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे तो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
परिजन गंभीर हालत में उन्हें मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार को विश्वास नहीं हुआ तो वे उन्हें शहर के श्रीराम अस्पताल लेकर गए। यहां भी उन्हें मृत बताया गया।
एडीसीपी जयंत परी ने बताया कि पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। CCTV खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उनकी टारगेट किलिंग का शक है।
ओबेरॉय आम आदमी पार्टी (AAP) से जालंधर कैंट विधानसभा सीट के हलका इंचार्ज थे। हमलावरों की CCTV फुटेज सामने आई है। वहीं शेरू ग्रुप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मर्डर की जिम्मेदारी ली है।
थार में बैठते ही फायरिंग की
पुलिस के मुताबिक, लक्की ओबेरॉय सुबह 7:15 बजे पॉश इलाके मॉडल टाउन के गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। वह नियमित तौर पर गुरुद्वारे में आते थे। गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद वह बाहर निकले और घर जाने के लिए थार में बैठ गए। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार हमलावर वहां पहुंच गए। उन्होंने थार लेकर जाने से पहले ही थार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जिससे थार के शीशे चकनाचूर हो गए। इसके बाद हमलावरों ने सीधे लक्की ओबेरॉय पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान उनकी छाती और चेहरे पर गोलियां मारीं गई। जब लक्की ओबेरॉय गंभीर रूप से घायल होकर सीट पर लुढ़क गए तो हमलावर वहां से फरार हो गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में ये 3 अहम खुलासे
- AAP नेता की रेकी कर रहे थे हमलावर: पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि AAP नेता लक्की ओबेरॉय की हत्या पूरी रेकी करने के बाद की गई है। हमलावरों ने पहले पता किया कि लक्की रोजाना सुबह 7 बजे के आसपास गुरुद्वारे आते हैं। हमलावरों को उनकी थार के बारे में भी पता था। इसलिए वह लक्की ओबेरॉय का पीछा करते हुए वहां तक पहुंचे। लक्की ओबेरॉय जब गुरुद्वारे के अंदर चले गए तो बाहर उनका इंतजार करने लगे।
- निकलकर भाग न सकें, इसिलए थार में बैठने का इंतजार किया: पुलिस जांच के मुताबिक हमलावरों ने गुरुद्वारे से बाहर आने के बाद लक्की का थार में बैठने तक इंतजार किया। इसकी वजह ये थी कि अगर बाहर फायरिंग करते तो लक्की भागकर गुरुद्वारे के अंदर या आसपास किसी और जगह जा सकते थे। मगर, जब वे थार के भीतर बैठ गए तो वहां से निकलकर भागने के लिए उन्हें मौका नहीं मिला। इसी वजह से हमलावर उनका कत्ल करने में कामयाब रहे।
- गैंगस्टरों की तरह पूरी प्लानिंग के साथ वारदात की: पुलिस को शक है कि यह टारगेट किलिंग है, जिसके पीछे गैंगस्टर हो सकते हैं। लक्की ओबेरॉय के मर्डर को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया। हमलावरों ने न केवल टारगेट हिट करने के लिए पूरी तैयारी की थी बल्कि उसके बाद फरारी के रास्ते भी ढूंढ रखे थे। ऐसे में संभावना है कि जल्द ही कोई गैंग इसकी जिम्मेदारी ले सकता है।
- शेरू ग्रुप ने लीग जिम्मेदारी: AAP नेता लक्की ओबरॉय पर गोलियां चलाने के मामले में हत्या की जिम्मेदारी जस्स बुट्टर ने ली है। उसने पोस्ट शेयर कर लिखा-जब हमने खालसा कॉलेज जालंधर का प्रधान लगाया था, तो सबको बता कर लगाया था। आज कुछ लोग उठकर बोलने लगे हैं कि प्रधानगी वापस ले ली जाए। खालसा कॉलेज जालंधर में शेरू ग्रुप से प्रधान लगाया जाता है। सरदार नछत्तर सिंह बेई की ओर से हर साल प्रधान तय किया जाता है। इसके बाद सभी लोग शेरू ग्रुप से सलाह करके प्रधान का नाम जारी करते हैं।
डॉक्टर बोले- 8 से 9 फायर हुए
श्रीराम अस्पताल के डॉक्टर विशाल ने बताया कि सतिंपाल सिंह जोगी उर्फ लक्की ओबेरॉय को घायल हालत में लाया गया था। लक्की को टारगेट कर 8 से 9 फायर किए गए। इनमें 5 से 6 गोलियां उनके सीने पर लगी हैं जबकि एक गोली चेहरे पर लगी है। गोलियां लगने की वजह से उनकी हालत काफी गंभीर थी। जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखकर ट्रीटमेंट दिया जा रहा था लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
ADCP बोले- सभी नाकों पर अलर्ट
ADCP जयंत पुरी ने बताया कि वारदात के बाद हमलावर भाग गए थे। पुलिस ने सभी नाकों पर हमलावरों के बारे में सूचित कर दिया है। इसके साथ ही गुरुद्वारे के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के जो हाईटेक सीसीटीवी लगे हैं, उनकी फुटेज भी निकले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पत्नी नगर निगम का चुनाव लड़ चुकीं
जानकारी के अनुसार, लक्की ओबरॉय जालंधर कैंट में AAP के हलका इंचार्ज थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। इसके इलावा दो भाई और मां भी हैं। उनकी पत्नी नगर निगम का चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
टिकट देकर विधानसभा में गुंडे भर्ती कर लिए- कुलदीप
अकाली दल के काउंसलर कुलदीप ओबेरॉय ने कहा कि यह घटना सरकारों के लिए बहुत ही बुरी है। टिकट देकर विधानसभा में गुंडे भर्ती कर लिए हैं। जिसका नतीजा यह है कि सड़कों पर लोगों को गोलियां मारी जा रही हैं। लक्की ओबेरॉय गुरु घर के साथ जुड़े हुए थे और हर रोज माथा टेकने के लिए आते थे। उनकी किसी से क्या रंजिश थी यह तो नहीं जानते। लेकिन इतना पता है कि यह धार्मिक प्रवृत्ति के थे। उन्होंने कहा कि मेरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रिक्वेस्ट है कि पार्लियामेंट में ऐसा कानून लेकर आएं कि किसी भी गुंडे को टिकट न मिल सके।
कांग्रेस सांसद बोले- पंजाब को मजबूत CM की जरूरत
अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और रोजाना बड़ी आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। औजला ने कहा कि पंजाब को एक मजबूत और जिम्मेदार मुख्यमंत्री की जरूरत है। उन्होंने केंद्र सरकार को भी बराबर का दोषी ठहराया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।