सीवान में आज से मैट्रिक परीक्षा, 54138 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम:लड़कियों की संख्या लड़कों से अधिक, 53 केंद्रों पर होगी परीक्षा

सीवान में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 आज मंगलवार 17 फरवरी से शुरू हो रही है। जिले के कुल 53 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 54,138 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस वर्ष खास बात यह है कि मैट्रिक परीक्षा में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है, जो जिले में बालिका शिक्षा के बढ़ते दायरे को दर्शाता है।

प्रशासनिक व्यवस्था के तहत सीवान अनुमंडल में 24 तथा महाराजगंज अनुमंडल में 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीवान सदर प्रखंड में सर्वाधिक 19 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा जीरादेई और पचरुखी में दो-दो तथा हुसैनगंज में एक केंद्र बनाया गया है। वहीं महाराजगंज प्रखंड में 14, बसंतपुर में 6, दरौंदा में 5 और भगवानपुर हाट में 4 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

दो पालियों में 25 फरवरी तक चलने वाली इस परीक्षा की पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पूर्व तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। पहली पाली के लिए सुबह 9:00 बजे तक और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी परिस्थिति में केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

26,453 छात्र और 27,685 छात्राएं शामिल

जिले में कुल 54,138 परीक्षार्थियों में 26,453 छात्र और 27,685 छात्राएं शामिल हैं। सीवान अनुमंडल में 28,080 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 9,331 छात्र और 18,749 छात्राएं हैं। पहली पाली में 14,041 परीक्षार्थियों में 4,227 छात्र व 9,314 छात्राएं तथा दूसरी पाली में 14,039 परीक्षार्थियों में 4,604 छात्र व 9,435 छात्राएं शामिल हैं।

महाराजगंज अनुमंडल में कुल 26,058 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें 17,122 छात्र और 8,936 छात्राएं हैं। पहली पाली में 12,934 परीक्षार्थियों में 8,493 छात्र व 4,441 छात्राएं तथा दूसरी पाली में 13,124 परीक्षार्थियों में 8,629 छात्र व 4,495 छात्राएं शामिल होंगी।

सभी केंद्राधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए

जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन को लेकर सभी केंद्राधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित रहेगा तथा परीक्षार्थियों को चप्पल पहनकर आने की अनुमति दी गई है। प्रत्येक बेंच पर केवल दो परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई

सुरक्षा के मद्देनजर सभी केंद्रों के प्रवेश द्वार एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्ती दल, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है।

परीक्षा के सफल संचालन हेतु कुल 2,679 वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इनमें पहली पाली में 1,104, दूसरी पाली में 1,114 तथा 461 रिजर्व वीक्षक शामिल हैं। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

E-Paper 2025