गुटखे के विवाद दुकानदार पर तानी पिस्टल:पैसे मांगने पर बौखलाया, भौकाल के लिए लेकर घूमता था असलहा

लखनऊ के मड़ियांव थानाक्षेत्र के आईआईएम तिराहे पर पान मसाला दुकानदार को अवैध पिस्टल दिखाकर धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पैसे मांगने पर आरोपी नाराज हो गया और पिस्टल तान दिया। आरोपी भीड़ जुटने पर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया था। जिसे बाद में सर्विस रोड से दबोच लिया गया।

मुतक्कीपुर निवासी मनोज कुमार ने बताया कि वह पत्नी के साथ आईआईएम तिराहे पर पान मसाले की दुकान चलाते हैं। सोमवार को एक युवक सिगरेट खरीदने आया। जब उससे पैसे मांगे गए तो वह भड़क गया और पैंट में खोंसी पिस्टल दिखाकर बोला, तुम्हारी इतनी हिम्मत कि मुझसे पैसे मांगोगे। शोर मचाने पर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकला।

इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक (UP32PE3061) को कब्जे में लेकर नंबर गाड़ी मालिक का पता किया गया। बाइक मायापुरम डिप्टी खेड़ा निवासी शशिकांत की निकली।

इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आईआईएम तिराहे के आगे सर्विस रोड से संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनूप प्रजापति (22) पुत्र शशिकांत प्रजापति बताया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पिस्टल चालू हालत में थी, हालांकि मैगजीन खाली मिली। लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।

भौकाल के लिए रखता पिस्टल

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह शौकिया पिस्टल रखता है और राहगीरों को डराकर पैसे वसूलता है। गुटखे की दुकान में भी पैसे को लेकर विवाद हुआ था लेकिन भीड़ जुटने की वजह से भाग गया। पुलिस आरोपी से अन्य घटनाओं की पूछताछ कर रही है।

E-Paper 2025