करनाल में हाईवे पर एक्सीडेंट में युवक की मौत:कंबाइन के नट-बोल्ट चेक कर रहा था; पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर

करनाल में नेशनल हाईवे (GT रोड) पर अटल पार्क के सामने एक भीषण सड़क हादसे में 34 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़ी कम्बाइन मशीन को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कम्बाइन पर काम कर रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल है।

नट-बोल्ट चेक करते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के गांव किरलपुर बिहारी निवासी धर्मेन्द्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह ड्राइविंग का काम करता है। वह पंजाब से गेहूं काटने वाली कम्बाइन मशीन लेकर आ रहा था। मंगलवार (17 फरवरी) की देर शाम जब वह करनाल के अटल पार्क के पास पहुंचा, तो उसने मशीन के नट-बोल्ट चेक करने के लिए कम्बाइन को सड़क किनारे साइड में खड़ा किया था।

पीछे से आया ट्रक और मारी जोरदार टक्कर

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने कम्बाइन को जोरदार टक्कर मार दी। धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि उसने ट्रक चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में उसके साथ मौजूद रजनीश सिंह (निवासी किरतपुर बिहारी, जिला शाहजहांपुर, यूपी) की मौके पर ही मौत हो गई।

धर्मेन्द्र सिंह घायल, पुलिस ने दर्ज किया केस

हादसे में धर्मेन्द्र सिंह के माथे पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने मृतक रजनीश सिंह के शव को सरकारी अस्पताल करनाल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने धर्मेन्द्र सिंह के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और हाईवे कैमरों की मदद से ट्रक की पहचान की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

E-Paper 2025