परीक्षा देने जा रही 8वीं की छात्रा की हत्या:झाड़ियों में मिला शव, रेप की आशंका; सेंटर पर नहीं पहुंची तो टीचर्स ने घर फोन किया

बीकानेर में 8वीं क्लास में की छात्रा का अर्धनग्न हालत में शव मिला है। छात्रा पास की ढाणी से स्कूल में आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने घर से निकली थी, लेकिन एग्जाम सेंटर तक नहीं पहुंची। तो स्कूल टीचर्स ने घर पर सूचना दी। परिजनों ने तलाश की तो नहर के पास झाड़ियों में शव मिला।

घटना शहर के पास एक गांव में शनिवार दोपहर की है। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजन एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया- बच्ची का शव मिला है। FSL टीम मौके पर पहुंच गई है। लड़की के साथ रेप हुआ है या नहीं? इसकी पुष्टि अब तक नहीं हुई। पोस्टमॉर्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ढाणी से दो किलोमीटर जाती थी पैदल

परिजनों ने बताया कि छात्रा (13) अपने घर से करीब 2 किलोमीटर पैदल स्कूल जाती थी। उसका 8वीं बोर्ड का एग्जाम चल रहा है। सुबह बच्ची घर से परीक्षा देने निकली थी। सेंटर पर नहीं पहुंचने पर स्कूल प्रशासन ने हमें सूचना दी।

परिजनों का कहना कि बच्ची 12:15 बजे घर से निकली थी और करीब 1:46 बजे स्कूल प्रशासन से सूचना आई कि वह स्कूल नहीं पहुंची है।

इसके बाद हम लोगों ने तलाश शुरू कर दी। थोड़ी दूर पहुंचे तो बच्ची का शव अर्द्धनग्न हाल में पड़ा था। सूचना पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की।

FSL टीम ने जुटाए सबूत

पुलिस का कहना है- नाबालिग लड़की के शव का मौका मुआयना करने और सबूत जुटाने के लिए FSL टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम सबूत जुटा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

E-Paper 2025