सतना-सेमरिया रोड पर चलते हाइवा में लगी आग:ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान, वाहन जलकर खाक

सतना-सेमरिया मार्ग पर शुक्रवार अल सुबह करीब 3 बजे एक चलते हाइवा में भीषण आग लग गई। बाबूपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बदखर के पास हुए इस हादसे में ड्राइवर और क्लीनर ने कूदकर अपनी जान बचाई। गिट्टी से लदा यह वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

हाइवा तिहाई क्षेत्र से गिट्टी लोडकर सतना की ओर आ रहा था, तभी बीच रास्ते में उसमें आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा हाइवा उसकी चपेट में आ गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ड्राइवर और क्लीनर ने तुरंत वाहन रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। उन्होंने तत्काल वाहन मालिक को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 5 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक हाइवा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

बताया गया है कि यह हाइवा भाजपा नेता सुधीर सिंह का था, और वे स्वयं फायर स्टेशन पहुंचकर दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

E-Paper 2026