जींद जिले के नरवाना में आज इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) बड़ी रैली आयोजित कर रही है। राज्यसभा चुनाव के बाद हो रही इस रैली को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन और राजनीतिक वापसी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इनेलो के गढ़ माने जाने वाले नरवाना में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
मेला मंडी में आयोजित यह युवा सम्मेलन शहीदों के सम्मान को समर्पित है। पार्टी ने दावा किया है कि रैली में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे। नेताओं का कहना है कि यह भीड़ रोहतक में हुई पिछली बड़ी रैली का रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह, तैयारियां पूरी
पार्टी नेताओं के अनुसार, रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। आयोजकों ने बताया कि भीड़ इतनी अधिक होने की संभावना है कि बैठने के लिए कुर्सियां कम पड़ सकती हैं और लोगों को गद्दों पर बैठकर कार्यक्रम सुनना पड़ सकता है।
राजनीतिक नजरें टिकीं नरवाना पर
पूरे हरियाणा की राजनीतिक नजरें इस समय नरवाना की इस रैली पर टिकी हुई हैं। राज्यसभा चुनाव के बाद यह इनेलो का पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन है, जिसके आने वाले चुनावी समीकरणों पर असर डालने की संभावना जताई जा रही है।
सक्रियता का संदेश देने की कोशिश
इस रैली के माध्यम से पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि इनेलो अब फिर से सक्रिय हो गई है और प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार है।