मुरथल से परांठे खाकर लौट रहे 7 दोस्तों का एक्सीडेंट:NH-44 पर डिवाइडर से टकराई गाड़ी, दो की मौत; दिल्ली से आए थे

सोनीपत शहर में नेशनल हाईवे पर एक्सीडेंट में दो दोस्तों की मौत हो गई। दिल्ली से मुरथल के मशहूर परांठे खाने निकले 7 दोस्तों का यह सफर उस वक्त हादसे में बदल गया, जब वापसी के दौरान उनकी कार राई थाना क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।

इस भीषण टक्कर में कार चला रहे युवक समेत दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी साथी घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दिल्ली लौटते समय हादसा

दिल्ली के चांद बाग, भजनपुरा के रहने वाले मोहम्मद अकरम के अनुसार उसका भतीजा बिलाल अपने छह दोस्तों के साथ मुरथल पराठे खाने के लिए रात करीब 1 बजे दिल्ली से निकला था। सभी दोस्तों ने मुरथल में खाना खाने के बाद वापस दिल्ली लौटना शुरू किया, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

अचानक बेकाबू हुई गाड़ी

मुरथल से लौटते समय जैसे ही उनकी कार सोनीपत के राई थाना क्षेत्र के पास पहुंची, अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चला रहे बिलाल और उसके दोस्त विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच दोस्तों को हल्की चोटें आई हैं।

घर में थी शादी की तैयारी

मृतक बिलाल के परिवार में मातम का माहौल है। बताया गया है कि 25 साल के बिलाल की एक साल पहले ही सगाई हुई थी और जल्द ही उसकी शादी की तैयारी चल रही थी। हालांकि अभी शादी की तारीख तय नहीं हुई थी। बिलाल के पिता का वर्ष 2010 में हार्ट अटैक से निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां, भाई और बहन हैं, जिन पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दूसरे युवक विशाल की भी गई जान

हादसे में 24 वर्षीय विशाल की भी मौत हो गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विशाल के परिवार में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

E-Paper 2026