श्रीगंगानगर कोर्ट कैंपस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। कोलकाता के एक गलत एड्रेस से डाक के जरिए भेजे गए अज्ञात पत्र में कोर्ट को उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। बुधवार सुबह बीकानेर से बम निरोधक दस्ता कोर्ट पहुंच गया और पूरे परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। एसपी समेत पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंचा।
डॉग स्क्वाड और बम निरोधक टीम ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। सी और डी ब्लॉक के चैंबर, न्यायिक अधिकारियों के कक्ष समेत पूरे परिसर की जांच की गई। बम निरोधक दस्ते की क्लियरेंस मिलने के बाद ही कोर्ट में कामकाज शुरू हो पाया।
सुरक्षा एजेंसियां पत्र भेजने वाले की तलाश में जुटीं
पत्र भेजने वाले का पता लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। कोलकाता के एड्रेस का इस्तेमाल कर भेजे गए धमकी भरे पत्र की ट्रेसिंग के लिए साइबर सेल और पोस्टल विभाग की मदद ली जा रही है।
अलर्ट जारी, कोर्ट परिसर में सतर्कता
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। कोर्ट परिसर में एंट्री और मोर्चा जांच कड़ी कर दी गई है। अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी मिली थी धमकी
जानकारी के अनुसार, 15 दिन पहले यानी 10 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे श्रीगंगानगर के पासपोर्ट ऑफिस (पोस्ट ऑफिस परिसर में स्थित) को भी बम से उड़ाने की ई-मेल धमकी मिली थी। उस समय भी बीकानेर से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अगले दिन ऑफिस ने सामान्य कामकाज शुरू कर दिया।