अमृतसर स्थित दुर्ग्याणा मंदिर में हनुमान जयंती का पावन पर्व हर वर्ष की तरह इस वर्ष बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर रहा। दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचे और भगवान के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थनाएं कीं।
मंदिर को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजे प्रांगण में भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि गूंज रही थी। हर तरफ जय श्री राम और जय हनुमान के जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बन गया। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के चरणों में माथा टेककर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर आए एक भक्त राजेश कुमार ने बताया कि हनुमान जयंती उनके लिए विशेष महत्व रखती है। उनका मानना है कि संकट मोचन हनुमान जी सभी के दुख दूर करते हैं और सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य स्वीकार होती है। एक अन्य श्रद्धालु महेश्वर ने कहा कि वह हर साल यहां दर्शन करने आते हैं और उन्हें अटूट विश्वास है कि यहां मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है।
भक्तों ने हनुमान जी से अच्छे जीवन की दुआ मांगी
कई श्रद्धालुओं ने यह भी बताया कि हनुमान जी की कृपा से उनके जीवन में खुशहाली आई है। उन्होंने देश और दुनिया में शांति और समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की। लंबी कतारों के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे घंटों खड़े होकर दर्शन करते रहे।