हज यात्रा की तैयारियां अंतिम दौर में हैं और चयनित यात्रियों को 6 अप्रैल तक आखिरी किस्त जमा करवानी है। प्रदेश से मुकद्दस सफर की शुरुआत 20 अप्रैल से होगी। जयपुर एम्बार्केशन पॉइंट से 20 अप्रैल को पहली फ्लाइट मदीना के लिए उड़ान भरेगी। इस बार अलग-अलग जिलों से कुल 4584 यात्री हज यात्रा पर जाएंगे। इनमें से 1104 यात्रियों ने अन्य राज्यों के एम्बार्केशन पॉइंट चुने हैं। जयपुर से 3480 यात्री 9 फ्लाइट्स के जरिए मदीना जाएंगे। जिन यात्रियों ने दूसरे राज्यों के एम्बार्केशन पॉइंट चुने हैं, उन्हें संबंधित शहर के हज रिपोर्टिंग स्थल पर ही पहुंचना होगा।
एक फ्लाइट में 430 हज यात्री भरेंगे उड़ान
हज कमेटी के पूर्व सदस्य हाजी शाहिद मोहम्मद ने बताया कि यात्रियों की कुल 9 उड़ानें 20 से 28 अप्रैल के बीच संचालित होंगी। इस बार राजस्थान के लिए फ्लाईनेस एयरलाइंस की व्यवस्था की गई है। इस एयरलाइन के बड़े विमान जयपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे, जिनमें एक साथ 430 हज यात्री यात्रा कर सकेंगे। इसके अलावा प्रदेश से 449 हज यात्री दिल्ली एयरपोर्ट, 235 अहमदाबाद एयरपोर्ट और 420 यात्री मुंबई एयरपोर्ट से रवाना होंगे।
टीकाकरण करवाकर मेडिकल डायरी लेना जरूरी
हज यात्रा पर जाने से पहले हज कमेटी द्वारा आयोजित कैंप में टीकाकरण करवाना अनिवार्य होगा। जिन यात्रियों ने किसी कारणवश टीका नहीं लगवाया है, वे 19 अप्रैल को रिपोर्टिंग पॉइंट पर सुबह 11 बजे अपने दस्तावेजों के साथ टीका लगवा सकते हैं।
47 किलो तक सामान की अनुमति
यात्रियों को दो बैगेज में 20-20 किलो और हैंडबैग में 7 किलो तक सामान ले जाने की अनुमति होगी। हैंडबैग में पावर बैंक, चार्जर, यूनिवर्सल एडाप्टर, साबुन, चप्पल, सैंडल, दवाइयां, चश्मा, घड़ी, बैटरी, नैपकिन, टूथपेस्ट, ब्रश, हैंड वाइप्स, ड्राई फ्रूट्स आदि रख सकते हैं। वहीं लगेज में प्रेस, एक्सटेंशन बॉक्स, कंघी, नेल कटर आदि सामान रखा जा सकता है।