लखनऊ में 700 से ज्यादा पेड़ कटने से बचे:कुकरैल नाइट सफारी में 4 के बजाय 2 लेन की बनेगी सड़क, 7 करोड़ का बजट सरेंडर

लखनऊ में कुकरैल नाइट सफारी तक प्रस्तावित चार लेन सड़क को रोकते हुए अब दो लेन सड़क बनाने का निर्णय लिया गया है। इस बदलाव से 700 से ज्यादा पेड़ों की कटान टल जाएगी। दरअसल, पीडब्ल्यूडी ने 17 फरवरी 2025 को कुकरैल नाइट सफारी तक चार लेन सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया था। केंद्रीय सशक्त समिति (CEC) ने अपनी रिपोर्ट में इस पर गंभीर आपत्ति जताई। समिति ने स्पष्ट कहा कि चार लेन सड़क बनने पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई करनी पड़ेगी, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान होगा।

4 लेन की सड़क का प्रस्ताव खारिज

CEC की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने चार लेन सड़क का प्रस्ताव खारिज कर दिया है। अब पीडब्ल्यूडी को दो लेन सड़क का नया प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चार लेन सड़क के लिए स्वीकृत करीब 7 करोड़ रुपये का बजट भी शासन को सरेंडर कर दिया है।

CEC ने अपनी रिपोर्ट में यह भी चेतावनी दी है कि नाइट सफारी शुरू होने के बाद क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे शोर और मानवीय हस्तक्षेप बढ़ेगा। इससे वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास प्रभावित हो सकते हैं और पारिस्थितिक संतुलन बिगड़ने का खतरा रहेगा।