उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में कालका माताजी रोड पर साइकिल चला रहे एक नाबालिग बच्चे को ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी। बच्चा साइकिल से दूर जा गिरा। जिससे उसके गंभीर चोट आई।
दरअसल, ट्यूशन से शाम 6 बजे घर लौट रहे नाबालिग जैनिक जैन साइकिल चला रहा था, तभी तेज रफ्तार में आ रहे ऑटो ड्राइवर ने अचानक टर्न लेते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी।
बच्चा साइकिल से उछलकर दूर जा गिरा। उसके सिर और शरीर पर चोटें आईं, साइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास पैदल चल रहे लोग देखते ही रह गए। अगर वे वहां न होते तो यह हादसा और भी भयानक हो सकता था
सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना साफ-साफ कैद हो गई है। वीडियो में दिख रहा है कि ऑटो ड्राइवर लापरवाही से तेज गति में टर्न लेता है, बच्चे को टक्कर मारता है और बिना रुके आगे बढ़ जाता है। आसपास के लोग तुरंत दौड़कर बच्चे की मदद करते नजर आए, कुछ लोगों ने ऑटो का पीछा भी किया। क्षेत्रवासियों ने घटना के बाद ऑटो ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।