अजय चौटाला के बयान पर मंत्री मनोहर लाल का पलटवार:बोले- मैं किसी से बातचीत करने में हिचकता नहीं; मेरा कोई दुश्मन नहीं

राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाने को लेकर जजपा सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला के बयान पर पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर का पलटवार करते हुए जवाब आया है। पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर बोले, मेरी बातचीत तो मैं सबसे करता हूं, मेरा कोई दुश्मन नहीं है।

मनोहर बोले, बातचीत करने में मैं किसी से किसी से हिचकता नहीं हूं, पीछे हटता नहीं हूं। बाकी जो बातें है धरती हवा में, वो अपनी-अपनी राजनीति करने के लिए सब लोग चलाते हैं। यह बयान उन्होंने करनाल में दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में दिया।

हरियाणा में राज्यसभा चुनाव को लेकर कई दिनों तक कंट्रोवर्सी रही और राजनीतिक नेताओं में सियासी कटाक्ष जारी रहे। कांग्रेस और बीजेपी व इनेलो ने एक दूसरे पर आरोप लगाए और एक-दूसरे की पार्टी को बी टीम बताते हुए कटाक्ष किए। अब पूर्व सीएम खट्‌टर का भी बयान आया है। इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने भी पलटवार करते हुए अजय सिंह को लोकदल का नाश करने वाला बताया था।

इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने पानीपत में मंच से संबोधन में कहा था, अजय सिंह का बयान आप लोगों ने सुना होगा, अभी दो-तीन दिन पहले ही आ रखा है। उसमें कह रहा है कि मेरे को मनोहर लाल ने राज्यसभा चुनाव लड़ने की ऑफर दी थी। साथ में ये भी कहा था कि लोकदल वोट नहीं देगा।

इसी बात पर अभय चौटाला गुस्साए बोले, लोकदल का नाश करने वाला तो तू ही था, तू मारै सै ये उम्मीद भी करेगा। हम तो कभी मौका मिला तो जो कुछ हरियाणा के लोगों से किया है, उसकी तस्सली कराएंगे। यह बयान उन्होंने पानीपत में पार्टी मीटिंग के दौरान दिया। यह बयान काफी चर्चाओं में है।

अजय चौटाला ने कहा था- मनोहर लाल का आया था फोन

जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला ने निजी चैनल पर इंटरव्यू में कहा था- मेरे पास मनोहर लाल खट्‌टर का फोन आया था और मुझे राज्यसभा के लिए ऑफर किया था। मनोहर लाल ने कहा था कि मेरे पास कांग्रेस के 9 विधायक है। आपको चुनाव लड़ना है तो बताए। मगर हमें इनेलो के दो वोट किसी हालत में नहीं मिलने थे, इसलिए चुनाव नहीं लड़ा।

भाजपा में खास कार्यकर्ताओं को मिलती है टिकट

इससे पहले इनेलो से रानियां विधायक अर्जुन चौटाला ने भी जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला को राज्यसभा चुनाव में खट्‌टर द्वारा टिकट देने पर सिरसा में मंडी दौरे के दौरान मीडिया में बयान दिया था कि आमतौर पर राजनीतिक संगठन अपने कार्यकर्ता को देते हैं या खास बंदों को टिकट देते हैं, दो ही लोगों को देते हैं।

अजय सिंह को टिकट दी जा रही थी या तो वह बीजेपी के कार्यकर्ता है या खास है। अजय सिंह को खट्‌टर साहब टिकट देते हैं। फेर ये क्या विरोध करेंगे, ये तो बी टीम है, इनका क्या विरोध करना।