शुभेंदु बोले- TMC अरबी संस्कृति को बढ़ावा दे रही:ममता ने कहा- पश्चिम बंगाल के लोग दिल्ली के जमींदारों को मुंहतोड़ जवाब दें

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में जानबूझकर ‘अरबी संस्कृति’ को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सनातन विरासत कमजोर हो रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा बंगाल को ‘बंगाली हिंदुओं की मातृभूमि’ के रूप में सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है.

वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बंगाली नव वर्ष के अवसर पर लोगों को ‘पोइला बोइशाख’ की शुभकामनाएं दीं और मतदाताओं से कहा कि वे दिल्ली के जमींदारों द्वारा लोगों के मतदान के अधिकार छीनने के प्रयासों का मुंहतोड़ जवाब दें।

वहीं, बुधवार की शाम कूचबिहार जिले के तूफानगंज में एक सभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- वोटर लिस्ट से घुसपैठियों के नाम हटाए गए हैं, अब उन्हें देश की सीमा से बाहर करेंगे। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सरकार बॉर्डर फेंसिंग के लिए जरूरी 600 एकड़ जमीन BSF को नहीं देना चाहती। बंगाल में BJP के आने के बाद 45 दिनों में फेंसिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा।

चुनाव से जुड़े कल के 3 अपडेट्स…

1. भाजपा ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में मातृशक्ति भरोसा कार्ड लॉन्च किया। सरकार बनने पर राज्य की महिलाओं को हर महीने ₹3,000 देने का वादा किया गया है। कार्यक्रम में सुवेंदु अधिकारी और स्मृति ईरानी मौजूद रहीं।

2. चुनाव आयोग 23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 2,407 कंपनियां तैनात करेगा, जिसमें सबसे ज्यादा जवान मुर्शिदाबाद के लिए रखे जाने की संभावना है।

3. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण चुनाव प्रचार के लिए पूर्वी वर्धमानपुर पहुंची। यहां इन्होंने हथकरघा कारीगर सुकुमार हलदर के घर खाना खाया।