बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 27 अप्रैल को पहली बार राजस्थान के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे प्रदेश में बूथ कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश की टॉप लीडरशिप से संवाद करेंगे। वे सत्ता व संगठन के कामकाज का भी जायजा भी लेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले वे टोंक जाएंगे, यहां से बीजेपी के नव निर्मित 7 जिला कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद जयपुर पहुंचकर प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक लेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष विशेष विमान से सुबह 10:55 पर दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेगे। यहां से हेलिकॉप्टर से टोंक के लिए रवाना होंगे। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी उनके साथ रहेंगे।
जयपुर में टॉप लीडरशिप से चर्चा
टोंक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जयपुर पहुंचेंगे। यहां वे प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पहले पार्टी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इस बैठक में पार्टी पदाधिकारियों के साथ मोर्चा अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक भी मौजूद रहेंगे।
उसके बाद कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश की टॉप लीडरशिप से प्रदेश के राजनीतिक हालत, सत्ता व संगठन के कामकाज और बीजेपी के प्रशिक्षण अभियान सहित आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।
महिला बैंड से स्वागत, बाइक रैली से एस्कॉर्ट
जयपुर दौरे के दौरान पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारियां की हैं। जयपुर एयरपोर्ट से प्रदेश बीजेपी कार्यालय के 12 किलोमीटर के सफर के दौरान जगह-जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा।
इसके लिए 11 स्वागत मंच बनाने का फैसला हुआ है। जयपुर एयरपोर्ट के बाहर पहला स्वागत मंच होगा, यहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का संक्षिप्त संबोधन भी होगा। यहां पर सांगानेर, चाकसू और बगरू विधानसभा के कार्यकर्ताओं की ओर से उनका अभिनंदन किया जाएगा।
वहीं महिला मोर्चा की टीम राजमहल चौराहे पर महिला बैंड से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन करेगी। वहीं युवा मोर्चा की टीम बाइक रैली से एस्कॉर्ट करेगी।