महिला कर्मचारी ने सहायक सचिव पर लगाए गंभीर आरोप:2 साल से लगातार कर रहा परेशान, पुलिस मामले की जांच में जुटी

धौलपुर के एक सरकारी कार्यालय में कार्यरत एक महिला वरिष्ठ सहायक ने अपने ही विभाग के सहायक सचिव पर उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस संबंध में महिला पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि सहायक सचिव पिछले लगभग 2 साल से उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा था।

दर्ज शिकायत के अनुसार 23 अप्रैल 2025 को शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच आरोपी सहायक सचिव ने पीड़िता को अपने कार्यालय कक्ष में बुलाया। वहां उसने कथित तौर पर महिला को जबरन अपने पास बैठाया, उसका हाथ पकड़ा और कंधे पर हाथ रखकर अनुचित हरकत करने का प्रयास किया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और नौकरी से निकलवाने सहित अपमानजनक बातें कहीं।

शराब पीकर दफ्तर आने का भी आरोप

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी सहायक सचिव अक्सर शराब के नशे में कार्यालय आता है। वह अन्य कर्मचारियों को भी शराब पिलाता है और उनके साथ गाली-गलौज करता है। इतना ही नहीं, वह अन्य कर्मचारियों को भड़काकर पीड़िता को प्रताड़ित करने की कोशिश भी करता रहा है।

महिला कर्मचारी ने बताया कि उसने इस पूरे मामले की शिकायत विभागीय स्तर पर भी की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी के हौसले बढ़ गए। आखिरकार, लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।