रेवाड़ी में सोलर कंपनी में 12 घंटे से लगी आग:12 दमकल गाड़ियां बुझाने में जुटीं, 180 चक्कर लगाए; फायर कर्मियों की शिफ्ट चेंज

हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल के आईएमटी क्षेत्र में स्थित सोलर कंपनी में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। जिससे हड़कंप मच गया तथा आसपास की कंपनियों में भी आग का डर सताने लगा। रात करीब सवा 11 बजे लगी आग देखते ही देखते आग ने भंयकर रूप धारण कर लिया। आग की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। पिछले करीब 12 घंटे से फायरब्रिगेड की 12 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई है।

12 घंटे से बाद बचाव अभियान अभी भी जारी है। अभियान के लंबा खींचने से बचाव दल में शामिल कर्मचारियों की शिफ्ट चेंज करनी पड़ी है।

12 गाड़ियों ने लगाए 180 चक्कर

जानकारी के अनुसार UTL Solar कंपनी में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां लगाई गई। हर गाड़ी ने करीब 15 से 17 फेरे लगाए और आग को कट्रोल करने में 180 से अधिक टैंक पानी का प्रयोग हुआ।

प्रोडेक्शन बंद था, बड़ा हादसा टला

जानकारी के अनुसार रात को जब कंपनी में आग लगी तब प्रोडेक्शन बंद था। जिस कारण आग लगने से जानी नुकसान होने से बच गया। आग लगने के बाद कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड ने घटना की सूचना कंपनी प्रबंधन और पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी।

आसपास की कंपनियों में बढ़ा खतरा

UTL Solar सोलर कंपनी में आग लगने की घटना के बाद आसपास की कंपनी प्रबंधकों की चिंता देखी गई। आईएमटी में स्थित होने के कारण आसपास भी कई कंपनियां है। आग पर काबू पाने के साथ फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आसपास की कंपनियों में आग का फैलने से रोकने की योजना पर भी काम किया।

करीब 30 साल पुरानी कंपनी

UTL Solar कंपनी करीब 30 साल पुरानी है। यहां प्रमुख रूप से सोलर पैनल, इनवर्टर और बैटरी निर्माता कंपनी है। यह 1996 में स्थापित (योगेश दुआ और पवन गर्ग द्वारा) एक अग्रणी कंपनी है, जो सोलर पावर बैकअप समाधान प्रदान करती है।

ट्रांसफॉर्मर फटने से हादसा

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रात को कंपनी के पास धमाके साथ एक ट्रांसफार्मर फटा। जिससे आसपास लगी आग कंपनी तक पहुंची और फिर भयंकर रूप धारण कर लिया। जब तक फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची, तब तक आग भयंकर रूप धारण कर चुकी थी। हालांकि इसकी अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है(

नियंत्रण में स्थिति, प्रयास जारी

सहायक फायर ऑफिसर संजय ने बताया कि उन्हें रात करीब सवा 11 बजे सूचना मिली थी। पिछले करीब 12 घंटे से 12 गाड़ियों के साथ बचाव अभियान चलाया जा रहा है। रातभर काम करने और अभियान लंबा खींचने के कारण दूसरे कर्मचारियों को बुलाकर शिफ्ट चेंज की गई है।

उन्होंने कहा कि कंपनी में अंदर तक आग फैल चुकी थी। अंदर से मलबा हटाने के लिए दूसरे संसाधनों का सहारा लिया जा रहा है। स्थिति पूरी तरह से सामान्य होने के बाद ही बचाव दल को यहां से रवाना किया जाएगा।