हिसार जिले की उकलाना नगर पालिका चेयरपर्सन पद के चुनाव में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल के समर्थन में चुनाव प्रचार करने उकलाना पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे उकलाना पहुंचेंगे और नगर क्षेत्र के चार अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
ये रहेंगे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री सबसे पहले उकलाना गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे, जहां वे वार्ड नंबर 12, 13, 14, 15 और 16 के मतदाताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे तहसील कार्यालय के सामने वार्ड नंबर 1 में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोटों की अपील करेंगे।
मुख्यमंत्री का तीसरा कार्यक्रम रावती पेट्रोल पंप के पास आयोजित किया जाएगा, जहां विशेष रूप से पंजाबी समाज और व्यापारिक वर्ग की बड़ी भागीदारी रहने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा नेताओं का दावा है कि यहां से पार्टी को भारी समर्थन मिलने वाला है, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह भाजपा के पक्ष में एकतरफा बन सकता है।
इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उकलाना मंडी में वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक गर्ग के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और मंडी क्षेत्र के मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील करेंगे।