दिल्ली में फिर दरिंदगी : घर के बाहर खेल रही 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म, पड़ोसी युवक पर लगा आरोप

दिल्ली कैंट में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद इससे मिलता जुलता एक और मामला सामने आया है। पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में घर के बाहर खेल रही छह साल की बच्ची को पड़ोस में रहने वाला युवक बहला-फुसला कर कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची इस बारे में किसी को कुछ न बताए, इसलिए आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। बच्ची की हालत बिगड़ने पर स्वजन को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उसे एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर तमिलनाडु निवासी आरोपित संमुगन को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक मासूम अपने परिवार के साथ त्रिलोकपुरी में रहती है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे मासूम अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोस में किराये पर कमरा लेकर रहने वाला युवक बच्ची को मिठाई दिलाने के बहाने कमरे पर ले गया। वहां युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक ने बच्ची को जान से मारने धमकी दी। घबराई मासूम चुपचाप घर पहुंच गई। उसने किसी को कुछ नहीं बताया। शाम को करीब चार बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो स्वजन ने उससे बात की। तब बच्ची ने घटना की जानकारी दी। इस पर पुलिस को जानकारी देने के साथ ही स्वजन ने बच्ची को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से एम्स रेफर कर दिया गया।

उधर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते की इस मामले में मयूर विहार थाने में दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। कुछ ही वक्त में आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया गया।

पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

इस दरिंदगी की खबर मिलते ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी मासूम से मिलने अस्पताल पहुंचे। कोंडली से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार और त्रिलोकपुरी से विधायक रोहित मेहरौलिया भी बच्ची से मिलने पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही बरतने और बच्ची के स्वजन को बंधक बनाने का आरोप लगाया। विधायक कुलदीप ने कहा कि दिल्ली कैंट के बाद त्रिलोकपुरी में दलित बच्ची के साथ घिनौना कृत्य किया गया है। आरोपित को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने मयूर विहार थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया। पुलिस अधिकारियों ने लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है।