भारत और बहरीन अपना सहयोग और बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं। दोनों देश रक्षा और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे। दोनों देशों के बीच यह सहमति बहरीन यात्रा पर गए विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके समकक्ष अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अल जयानी के बीच वार्ता में बनी है। दोनों देशों ने कोविड से पैदा हुई चुनौतियों से मिलकर निपटने के तरीकों के अतिरिक्त कई द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मसलों पर भी चर्चा की। दोनों देश अंतरिक्ष तकनीक, बुनियादी सुविधाओं, आइटी सेक्टर आदि में भी सहयोग बढ़ाएंगे।
बहरीन के दिवंगत प्रधानमंत्री के निधन पर जताया शोक
जयशंकर ने बहरीन के नवनियुक्त प्रधानमंत्री प्रिंस सलमान बिन हामद अल खलीफा से मुलाकात कर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुभकामना संदेश दिया। जयशंकर ने भारत के लोगों और सरकार की ओर से बहरीन के दिवंगत प्रधानमंत्री प्रिंस खलीफा बिन सलमान अल खलीफा (84) के निधन पर संवेदना व्यक्त की। भारतीय विदेश मंत्री ने प्रिंस खलीफा के बेटे और बहरीन के उप प्रधानमंत्री शेख अली बिन खलीफा अल खलीफा से मिलकर संवेदना जताई।
पीएम मोदी का शोक संदेश पढ़ा
प्रिंस खलीफा का 11 नवंबर को अमेरिका में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वह आजादी से एक साल पहले 1970 में बहरीन के प्रधानमंत्री बने थे और आखिरी सांस तक इस पद पर बने रहे। प्रिंस खलीफा दुनिया में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता थे। वह बहरीन के किंग हामद बिन ईसा अल-खलीफा के चाचा थे। 13 नवंबर को प्रिंस खलीफा को दफनाया गया था। उसी दिन बहरीन स्थित भारतीय दूतावास में शोक सभा आयोजित कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शोक संदेश पढ़ा गया था।
200 साल पुराने कृष्ण मंदिर में दर्शन किए
विदेश मंत्री जयशंकर ने बुधवार को बहरीन में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से वर्चुअल मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया। उन्होंने भारत के साथ बहरीन के संबंधों के विकास में भारतीय मूल के लोगों की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान भारतीय समुदाय का खास ख्याल रखने के लिए बहरीन सरकार का शुक्रिया अदा किया। बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात और सेशेल्स की यात्रा पर निकले जयशंकर का यह पहला पड़ाव था। इस दौरान वह राजधानी मनामा में स्थित 200 साल पुराने भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर में दर्शन करने भी गए। वहां भी उन्होंने भारतीय लोगों से बात की।