UP-बिहार में आंधी के साथ बारिश, 100 जगह पेड़-पोल उखड़े:मुंबई में लैंडस्लाइड, 5 कारें मलबे में दबीं; राजस्थान में रेतीला तूफान आया

मानसून ने केरलम में दस्तक देने के 6 दिन में पूर्वोत्तर के सभी राज्यों को कवर कर लिया है। मंगलवार को यह मिजोरम, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल पहुंचा। अब तक 16 राज्यों में मानसून की एंट्री हो चुकी है।

गुजरात को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में प्री-मानसून का असर है। बिहार में मंगलवार को 10 जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। बेगूसराह में एक ऑटो पर पोल गिर गया।

उत्तर प्रदेश के इटावा में तेज तूफान के साथ बारिश हुई। 100kmph की रफ्तार से आंधी भी चली। इस दौरान 100 से ज्यादा जगहों पर पेड़-पोल गिर गए।

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड होने से 5 कारें मलबे में दब गईं। पवने MIDC इलाके में पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा ढहा था।

मानसून अपडेट…

  • केरलम में 4 जून को पहुंचा मानसून अब पूर्वोत्तर के सभी राज्यों तक पहुंच गया है। मंगलवार को मानसून ने मिजोरम, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों को भी कवर कर लिया।
  • मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आगे बढ़ सकता है।
  • मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके जल्द ही महाराष्ट्र के और हिस्सों को कवर करने की संभावना है।

    अगले दो दिन के मौसम का हाल

    11 जून:

    • दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। 50-70kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
    • जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका।
    • केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश होगी। कर्नाटक और केरलम के तटीय जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।

    12 जून:

    • दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी-बारिश हो सकती है। कई जगह 50-70kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
    • पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में ओले गिरने की आशंका है।
    • बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है।
    • मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं ओले गिरने की आशंका है।

    7 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

    मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में 11 जून तक तापमान 2 से 4°C तक बढ़ सकता है। इसके बाद तापमान में 3 से 5°C की गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है।