YRF की स्पाई यूनिवर्स ‘अल्फा’ का टीजर रिलीज:जबरदस्त एक्शन करती दिखीं आलिया भट्ट; 3 जुलाई को मूवी होगी रिलीज

आलिया भट्ट स्टारर YRF स्पाई यूनिवर्स की अपकमिंग फिल्म ‘अल्फा’ का टीजर जारी कर दिया गया है। टीजर 1 मिनट 55 सेकेंड का है, जिसमें आलिया जबरदस्त एक्शन करती नजर आ रही हैं।

टीजर में कहानी एक युवा महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार आलिया निभा रही हैं। उसे बचपन से ही एक खास मकसद के लिए तैयार और ट्रेन किया जाता है।

टीजर में उनके पिता बॉबी देओल उन्हें ‘अल्फा’ नाम के एक सीक्रेट प्रोग्राम से इंट्रोड्यूस कराते हैं, जिसे भारत के अगली पीढ़ी के सैनिकों को तैयार करने के लिए डिजाइन किया गया है।

फिल्म अल्फा के बारे में-

ये यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की 7वीं और फीमेल लीड वाली पहली फिल्म है। आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर फिल्म में अहम किरदारों में हैं। ऋतिक रोशन, इस यूनिवर्स की फिल्म वॉर के किरदार कबीर का कैमियो रोल प्ले करने वाले हैं। फिल्म 3 जुलाई को रिलीज होने के लिए शेड्यूल है। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है।

बॉबी ने आलिया से अनबन की खबरों को अफवाह बताया

हाल ही में बॉबी देओल ने ‘अल्फा’ की शूटिंग के बीच आलिया भट्ट से अनबन की खबरों पर चुप्पी तोड़ते हुए इसे अफवाह बताया था। टीवी शो ‘आप की अदालत’ में उनसे आलिया से अनबन की खबरों पर सवाल किया गया था, तो एक्टर ने कहा था, “मुझे भी किसी दोस्त ने उस खबर का स्नैपशॉट भेजा था। मैं भी हैरान था। लोग इतने वेल्ले हैं कि कुछ भी लिखकर बना देते हैं।”

आगे बॉबी ने कहा था, “मैंने अभी रणबीर के साथ फिल्म की, फिर मुझे जब पता चला कि मुझे आलिया के साथ एक फिल्म मिली है, तो मैंने सोचा कि ये हो क्या रहा है मेरे साथ, क्योंकि दोनों ही मेरे फेवरेट एक्टर हैं। दोनों के साथ मुझे काम करने को मिल रहा है। ये बहुत अच्छा है। वह कितनी अच्छी एक्ट्रेस हैं, कितनी हार्डवर्किंग हैं। कितनी प्रोफेशनल हैं। उन्हें फाइट सीक्वेंस करना हो तो वह बहुत तैयार रहती हैं।”

आगे बॉबी देओल ने झगड़े को अफवाह बताते हुए कहा, “ये भी बोला गया (अफवाह में) है कि बॉबी देओल इतना नाराज था कि आदित्य चोपड़ा ने उसको एक और फिल्म ऑफर कर दी। अब मैं हर किसी के पास जाकर अपनी बात तो साबित नहीं कर सकता। मैं खुशनसीब हूं कि मैं यहां हूं और आपने ये सवाल पूछा है और मैं जवाब दे रहा हूं।”

आखिर में बॉबी देओल ने कहा, “लोग इंस्टाग्राम से ऑब्सेस्ड रहते हैं। उसमें 90 प्रतिशत कहानियां असल नहीं होतीं। उसमें थोड़ी-सी सच्चाई होती है, लेकिन उसे ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर बताया जाता है। हम सबको इसकी आदत है।”

जानिए कैसी थीं अनबन की खबरें

फरवरी में न्यूज साइट 123 तेलुगु की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अल्फा के सेट में बॉबी देओल और आलिया भट्ट का झगड़ा हो गया था। झगड़े की वजह थी आलिया भट्ट का बार-बार उन सीन में हस्तक्षेप करना, जिन्हें वो बॉबी देओल के साथ फिल्मा रही थीं। झगड़े इतने बढ़ने लगे कि आदित्य चोपड़ा को शूटिंग जारी रखने के लिए बीच-बचाव करना पड़ा।