सारण में बारातियों से भरी बस पलटी, एक की मौत:5 गंभीर घायल, JCB से रेस्क्यू; वैशाली से जगदीशपुर जा रही थी बारात

सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बारातियों से भरी एक बस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई अन्य बारातियों को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के लालगंज से एक बारात बस से जगदीशपुर जा रही थी।

तरैया थाना क्षेत्र में एसएच-73 पर गंडार गांव के समीप बने स्पीड ब्रेकर पर चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया।

तेज रफ्तार बस पहले सड़क किनारे एक सूखे पेड़ से टकराई, फिर बिजली के पोल से भिड़ते हुए पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार कई बाराती अंदर फंस गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर और दरवाजे खोलकर घायलों को बाहर निकाला। एक बाराती बस के नीचे दब गया था, जिसे निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी।

काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर रेफरल अस्पताल तरैया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में

मृतक की पहचान वैशाली जिले के बिशुनपुर अररा गैरोल निवासी मोहम्मद असगर (35) के रूप में हुई है। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक शुरू कराया गया। इसके बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

स्पीड ब्रेकर पर ड्राइवर का बस से कंट्रोल हटा

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण स्पीड ब्रेकर पर चालक द्वारा बस से नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल ले रहे हैं। घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।