पंजाब और चंडीगढ़ में तेज बारिश:जालंधर में दिन में छाया अंधेरा, 2 बजे तक हेवी रेन और बिजली गिरने का अलर्ट

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदल गया है। चंडीगढ़ समेत मोहाली, पठानकोट, रूपनगर और गुरदासपुर में तेज बारिश हुई। तेज बारिश से चंडीगढ़ और खरड़ में सड़कों पर पानी भर गया। जालंधर और लुधियाना समेत अन्य जगह बादल छाए हुए हैं। जालंधर में दिन में ही अंधेरा छा गया है।

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने पौने दो बजे तक अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

विभाग के मुताबिक राजपुरा, डेराबस्सी, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, चंडीगढ़, खरड़, रूपनगर, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, नंगल, होशियारपुर, दसूया, मुकेरियां, गुरदासपुर, पठानकोट और धार कलां सहित कई इलाकों के लिए ‘टेक एक्शन’ अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

वहीं पटियाला, अमलोह, खन्ना, समराला, फगवाड़ा, जालंधर, नवांशहर, बटाला, डेरा बाबा नानक और भुल्लथ समेत कई क्षेत्रों में मध्यम बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना है।

इसके अलावा मानसा, संगरूर, बरनाला, धूरी, मलेरकोटला, बठिंडा, मोगा, फिरोजपुर, तरनतारन, अमृतसर, कपूरथला और आसपास के जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। विभाग ने 23 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।

चंडीगढ़ में 24 घंटों में 6.4 मिमी बारिश चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 6.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, बारिश के बाद धूप निकलने से उमस बढ़ गई। शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। एक जून से अब तक चंडीगढ़ में 214.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 30.6% कम है।

पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म पंजाब के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके बावजूद कई इलाकों में गर्मी का असर बरकरार रहा। बठिंडा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद फिरोजपुर में 37.3 डिग्री और बरनाला में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

राज्य का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 1 डिग्री सेल्सियस कम रहा और सामान्य के आसपास बना हुआ है। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान पठानकोट में 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार 21 से 23 जुलाई के बीच चंडीगढ़, मोहाली और पंजाब के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। 21 जुलाई को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश होने का अनुमान है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।