प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पिछले पांच साल में राजस्थान को लेकर अलग ट्रेंड देखने को मिला है। राजस्थान में साल 2021 से लेकर हर साल फसल बीमा का इलाका कम हुआ है, लेकिन कंपनियों को दिया जाने वाला प्रीमियम लगातार बढ़ रहा है। पिछले पांच साल में राजस्थान में फसल बीमा का इलाका 107 लाख हैक्टेयर से घटकर 101.50 लाख हैक्टेयर हो गया, लेकिन प्रीमियम 4800 करोड़ से बढ़कर 5888 करोड़ को पार कर गया।
फसल बीमा कवरेज वाले इलाकों में साल 2021-22 से लेकर 2025-26 तक लगातार कमी आई है। इसके बावजूद बीमा प्रीमियम में 1053 करोड़ तक बढ़ गया है। बीमा कवरेज का इलाका कम होने के साथ क्लेम भी हर साल कम मिला है। लोकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल कस्वां और बृजेंद्र सिंह ओला के सवाल के जवाब में कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के जवाब में यह खुलासा हुआ है।
किसानों और सरकार ने बीमा कपंनियों को 26,757 करोड़ प्रीमियम दिया, क्लेम मिला 18 हजार करोड़
मंत्रालय के जवाब के मुताबिक राजस्थान में साल 2021-22 से लेकर 2025-26 के पांच साल में किसानों, राज्य और केंद्र सरकार ने मिलकर बीमा कंपनियों को 26,757.56 करोड़ का प्रीमियम दिया। फसल खराब होने पर पांच साल में किसानों को 18,189.16 करोड़ का क्लेम मिला है।
पांच साल में कुल 18.81 करोड़ फसल बीमा के आवेदन किए गए, ये आवेदन रबी और खरीफ सीजन दोनों को मिलाकर थे। पांच साल में फसल बीमा के लिए किसानों ने 4,650.78 करोड़, राज्य सरकार ने 11,253.68 करोड़ और केंद्र सरकार ने 10,853.10 करोड़ प्रीमियम भरा था।
हर साल फसल बीमा के इलाके में कमी के बावजूद प्रीमियम बढ़ता रहा
साल 2021-22 में 107.10 लाख हेक्टेयर इलाके का फसल बीमा हुआ था, जो 2025-26 में घटकर 101.50 लाख हेक्टेयर रह गया। पांच साल में फसल बीमा में कवर होने वाला इलाका लगातार कम हुआ है। साल 2022-23 में 105.94 लाख हेक्टेयर, 2023-24 में 103.56 लाख हेक्टेयर इलाके का फसल बीमा हुआ। 2024-25 में मामूली बढ़ोतरी के साथ 103.65 लाख हेक्टेयर का बीमा हुआ। 2025-26 में 101.50 लाख हेक्टेयर का ही बीमा हुआ।
फसल बीमा के इलाके में कमी के बावजूद बीमा कंपनियों का प्रीमियम हर साल बढ़ा है। साल 2021-22 में बीमा कंपनियों को 4,834.85 करोड़ का प्रीमियम दिया, 2022-23 में इलाका कम हुआ। लेकिन कंपनियों को 5,066.08 करोड़ का प्रीमियम दिया गया। साल 2023-24 में 5,417.81 करोड़, 2024-25 में 5,550.06 करोड़ और 2025-26 में 5,888.76 करोड़ रुपए का प्रीमियम दिया गया।
पिछले पांच साल में 2025-26 में सबसे ज्यादा 5,888.76 करोड़ का प्रीमियम दिया गया। जबकि बीमा कवरेज का इलाका पांच साल में सबसे कम 101.50 लाख हैक्टेयर ही है।
63 फीसदी फसली एरिया फसल बीमा से बाहर
राजस्थान में पिछले पांच साल में कुल फसली इलाके का औसतन 37 प्रतिशत इलाका ही फसल बीमा के दायरे में कवर होता है। 63 फीसदी फसली इलाका फसल बीमा में कवर नहीं होता है। पिछले पांच साल में कुल फसली एरिया के मुकाबले बीमा कवरेज वाला एरिया कम हुआ है। साल 2021-22 में 39 प्रतिशत फसली एरिया बीमा कवरेज के दायरे में था। जो 2025-26 में घटकर 36 फीसदी रह गया।