हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी, 6 चुनावी राज्यों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी

दिल्ली में सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) की निगाहें अब अन्य राज्यों में विस्तार पर है। आम आदमी पार्टी की नजरें अब उन राज्यों में है जहां अगले साल (2022) में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी क्रम में आप ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इसकी जानकारी आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के इंचार्ज रत्नेश गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि नवंबर 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में आप सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गुजरात और गोवा के बाद यह 6 वां राज्य है जहां आप विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है। इन सभी राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

बता दें कि आम आदमी पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। जिन राज्यों में आप चुनाव लड़ने जा रही है वहां पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार दौरा कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है। जबकि गोवा और पंजाब में इससे पहले भी विधानसभा चुनाव लड़ चुकी है। पार्टी को गोवा में तो सफलता नही मिली थी लेकिन पंजाब में पहली बार में ही मुख्य विपक्षी पार्टी बनकर उभरी। वहीं गुजरात के सूरत में इसी साल हुए म्यूनिसिपल कार्पोरेशन के चुनाव में आप ने 27 सीटें जीतकर मुख्य विपक्षी पार्टी बनी। भाजपा के गढ़ में आप की इस जीत से पार्टी का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है।

दिल्ली मॉडल पर चुनाव लड़ेगी आप

जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं वहां पर आम आदमी पार्टी दिल्ली मॉडल पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बिजली और पानी मुफ्त देने के साथ ही पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। आप चुनावी राज्यों की सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। दरअसल पार्टी कांग्रेस की जगह खुद को भाजपा के खिलाफ मजबूत पेश कर जनता के सामने जाने की बात कर रही है और खुद को भाजपा के खिलाफ मजबूत विकल्प की तरह पेश कर रही है।