फाजिल्का जिले के जलालाबाद में STF ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कार सवार 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 672 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल आरोपियों को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार कर उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी कि करोड़ों का ये नशा कहां से आया और कहां सप्लाई किया जाना था ।
ANTF फिरोजपुर रेंज की टीम से मिले इनपुट और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने जलालाबाद-फाजिल्का हाईवे पर हरिकृष्ण सिनेमा के पास कार्रवाई की। इस दौरान कार सवार 3 आरोपियों को काबू किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हंसप्रीत, आकाश सिंह और अनमोलप्रीत के रूप में हुई है। इनमें से दो आरोपी फिरोजपुर के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी गांव गुलाम पधरा का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की कार से 30 किलो 672 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशा कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल गुरुहरसहाय नंबर की कार से करोड़ों रुपए की हेरोइन बरामद होने के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।