मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार की हत्या, : जान बचाने के लिए भागे तो पीछा कर अपराधियों ने मारी 4 गोली; 2 बाइक से आए थे

वैशाली में गुरुवार को मॉर्निंग वॉक के दौरान ठेकेदार की 4 गोली मारकर हत्या कर दी गई है। ठेकेदार की पहचान रामनरेश राय के तौर पर हुई है। हत्या का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

जिसमें रामनरेश राय सड़क पर टहलते दिख रहे हैं। इसी दौरान 2 बाइक से 4 अपराधी आते हैं, उनके सामने बाइक रोकते हैं।

अपराधियों को देख रामनरेश राय बचने के लिए कच्चे रास्ते से भागते हैं। तभी 2 अपराधी उनके पीछे भागते हैं और करीब से गोली मारकर वापस आ जाते हैं।

महज 30 सेकेंड में वारदात को अंजाम देखकर अपराधी बाइक से फरार हो गए। घटना हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र स्थित दिग्घी गांव की है।

घर से 200 मीटर दूर वारदात

रामनरेश राय एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में ठेकेदारी करते थे। वो आज सुबह 5.15 बजे वॉक के लिए निकले थे। वो घर से करीब 200 मीटर दूर तालाब के पास पहुंचे ही थे तभी 2 अपाचे बाइक पर सवार होकर 4 बदमाश आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

रामनरेश राय को 4 गोली लगी। वो जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने रामनरेश राय को हिलाया-डुलाया, लेकिन तब तक ठेकेदार ने दम तोड़ दिया था।

रामनरेश राय अपने माता-पिता के साथ दिग्घी स्थित घर में रहते थे। उनकी पत्नी पटना में रहकर अपने बच्चे की पढ़ाई कराती थीं। उनका एक बेटा है।

रास्ते को लेकर मांगी थी रंगदारी

स्थानीय लोगों का कहना है कि रामनरेश ने अपनी दुकान लीज पर दी थी, उसकी सड़क मुकेश राय की जमीन से होकर जाती थी। मुकेश राय का कहना था कि रास्ते से आना-जाना है तो रंगदारी दो, नहीं तो रास्ते से जाने नहीं देंगे।

50 लोगों के सामने आरोपी और उसके परिजनों ने धमकी देते हुए कहा था- छोटे-मोटे ठेकेदार हो, मेरे सामने टिक नहीं पाओगे।

SP बोले- एक महीने से जमीन को लेकर विवाद था

वैशाली SP शुभांक मिश्रा ने घटना की पुष्टि की है। एसपी ने बताया, गुरुवार सुबह घर के पास ठेकेदार मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान 2 बाइक से 4 लोग आए और फायरिंग करके फरार हो गए।

रामनरेश राय की 4 गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। FSL की टीम जांच के लिए पहुंची है, घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं।