जालंधर में किराएदार ने मकान मालिक पर किया हमला:युवकों को बुलाकर ईंटें बरसाईं, एक साल से फैमिली ने किराया नहीं दिया; मांगने पर भड़का

जालंधर के किशनपुरा इलाके में किराए के पैसे को लेकर मकान मालिक और किराएदार के बीच विवाद हो गया। गुस्साए किराएदार ने कुछ युवकों को बुलाकर मकान मालिक के घर पर हमला करवा दिया। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें एक युवक घर पर ईंटें बरसाता नजर आ रहा है।

रविवार सुबह किराए के पैसे को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद किराएदार ने कुछ युवकों को फोन कर मौके पर बुला लिया। युवकों ने घर के बाहर मकान मालिक के साथ मारपीट की और तेजधार हथियारों से हमला किया। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चलाए गए।

मकान मालिक ने बताया कि उनका बेटा अमृतसर देहाती में फाइनेंसर ऑफिसर के पद पर तैनात है। रोज सुबह ड्यूटी पर चला जाता है। उन्होंने बताया कि सुबह किराए को लेकर किराएदार से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने बाहर से युवकों को बुलाकर घर पर हमला करवा दिया।

1 साल से किराया नहीं दे रही थी फैमिली

मकान मालिक मनी ने बताया कि उन्होंने अजय नामक युवक को मकान किराए पर दिया था, जिसमें वह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रहता है। उनके मुताबिक, किराया मांगने पर परिवार अक्सर बदतमीजी करता था। पिछले एक साल से किराया नहीं दिया गया था।

जब उन्होंने बकाया किराया मांगा तो विजय नामक युवक ने कुछ दोस्तों को बुला लिया और घर पर हमला कर दिया। मनी के अनुसार, आरोपियों ने ईंटों के साथ कांच की बोतलें भी फेंकीं, जिससे पूरी गली में कांच बिखर गया।

अचानक हमले से गली में मची अफरा-तफरी

हमलावरों ने सिर्फ मकान मालिक को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि गली में खड़ी एक बाइक और स्कूटी में भी तोड़फोड़ की। इसके अलावा सामने स्थित एक अन्य घर पर भी हमला करने की बात सामने आई है। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया

घटना की सूचना मिलने के बाद रामामंडी थाना पुलिस की जांच अधिकारी हरजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। अब पुलिस CCTV फुटेज और लोगों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।