संगरूर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस नेताओं पर कथित तौर पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए किया गया। कार्यकर्ताओं ने रविवार देर शाम तक सिंगला के आवास के बाहर राष्ट्रगान गाया।
भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, 15 अगस्त को राष्ट्रगान के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कथित तौर पर इसे रोकने का इशारा किया था। भाजपा ने इसे राष्ट्रगान के प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताते हुए कांग्रेस के खिलाफ विरोध जताया।
राष्ट्रगान के प्रति सम्मान के अनुरूप नहीं
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रवैया देश के संविधान और राष्ट्रगान के प्रति सम्मान के अनुरूप नहीं है। भाजपा के हाईकमान के निर्देश पर कार्यकर्ता सिंगला के आवास के बाहर राष्ट्रगान गाने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया।
शांतिपूर्वक राष्ट्रगान गाने दिया जाएगा
बाद में पुलिस प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच सहमति बनी कि बैरिकेड हटाकर कार्यकर्ताओं को वहीं शांतिपूर्वक राष्ट्रगान गाने दिया जाएगा। इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाया और कांग्रेस को ऐसे कृत्यों से बचने का संदेश दिया।