चंडीगढ़-मोहाली में बारिश, पंजाब में आज अलर्ट:18-19 अगस्त को बरसेंगे बादल, 0.6 डिग्री गिरा तापमान; फिरोजपुर सबसे गर्म रहा

चंडीगढ़ और मोहाली में मंगलवार सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, 18 और 19 अगस्त को पंजाब के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ में भी आज बारिश की चेतावनी दी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक दर्ज की गई। बारिश के चलते पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। हालांकि, फिरोजपुर 35.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा।

सेक्टर-70, मोहाली में जलभराव से लोग परेशान

सेक्टर-70, मोहाली में बारिश के बाद जलभराव की समस्या से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब इंफ्रास्ट्रक्चर और उचित जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर लंबे समय तक पानी जमा रहता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कत होती है।

सुबह स्कूल के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। जलभराव के बीच स्कूल बसों, कारों, दोपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों को गुजरना पड़ता है। जमा पानी के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं, लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों, बदबू और गंदगी की समस्या भी बढ़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और बार-बार शिकायतों के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से नालियों की सफाई, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था, पानी की निकासी और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जल्द करवाने की मांग की है।

18-19 अगस्त को पंजाब में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, 18 अगस्त को पंजाब और चंडीगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 19 अगस्त को पंजाब में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है, जबकि चंडीगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 20 से 23 अगस्त के बीच मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, इस दौरान भी कई जगह बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार बने रहेंगे।

चंडीगढ़ में 33-34 डिग्री के आसपास रहेगा तापमान

चंडीगढ़ और मोहाली में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 18 को चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 19 अगस्त को तापमान 33 और 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

20 और 21 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। 22 अगस्त को भी मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।

फतेहगढ़ साहिब में सबसे ज्यादा 37 एमएम बारिश

पिछले 24 घंटों में पंजाब में सबसे ज्यादा 37 एमएम बारिश फतेहगढ़ साहिब में दर्ज की गई। इसके बाद पटियाला के रौणी में 20.5 एमएम और एसबीएस नगर के बल्लोवाल में 13.6 एमएम बारिश हुई। मोहाली में 12 एमएम, पटियाला में 5.5 एमएम और चंडीगढ़ में 1.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। अमृतसर में बारिश ट्रेस मात्रा में दर्ज हुई।

फिरोजपुर 35.6°C के साथ पंजाब में सबसे गर्म रहा

तापमान की बात करें तो फिरोजपुर 35.6°C के साथ पंजाब में सबसे गर्म रहा। फतेहगढ़ साहिब में न्यूनतम तापमान 23.8°C दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.6°C और न्यूनतम 24°C रहा, जबकि मोहाली में अधिकतम तापमान 33.6°C और न्यूनतम 24.9°C दर्ज किया गया।