गुरुग्राम में दिल्ली एनसीआर के सबसे व्यस्त रास्तों में से एक द्वारका एक्सप्रेस-वे से स्टंटबाजी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ रईसजादों ने न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट किए, बल्कि देश की शान तिरंगे झंडे को भी ट्रैफिक रोक कर बीच हाईवे लहराने का काम किया।
युवकों ने काले रंग की महिंद्रा थार और कई अन्य लग्जरी गाड़ियों के साथ मिलकर एक्सप्रेस-वे के बीचों-बीच जमकर हुड़दंग मचाया। यह पूरी घटना द्वारका एक्सप्रेस-वे के एक मुख्य हिस्से पर हुई। जहां ब्लैक थार के साथ कई अन्य महंगी गाड़ियों का एक बड़ा काफिला चल रहा था।
इन गाड़ियों में सवार युवकों ने एक्सप्रेस-वे के बीच में ही अपनी गाड़ियां रोक दीं, जिससे पीछे चल रहे आम राहगीरों का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इसके बाद युवकों ने गाड़ियों के शीशे नीचे किए और खिड़कियों से आधा बाहर निकलकर खतरनाक पोज देने लगे।
कुछ युवक चलती गाड़ियों के गेट खोलकर लटके हुए दिखाई दिए, तो कुछ ने छत पर बैठकर हुड़दंग मचाया।
थार पर चढ़कर तिरंगा लहराया
इस पूरी स्टंटबाजी में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह थी कि युवकों ने थार पर लगे तिरंगे झंडे को हाथ में लेकर बीच सड़क पर लहराना शुरू कर दिया। रील्स बनाने और सोशल मीडिया पर मशहूर होने की चाहत में युवकों ने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां तो उड़ाई हीं, साथ ही राष्ट्रीय ध्वज संहिता का भी उल्लंघन किया।
सोशल मीडिया पर अपलोड किया वीडियो
खतरनाक स्टंट करने वाले युवकों ने खुद ही घटना की रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड की थी। सोशल मीडिया पर मशहूर होने और लाइक्स पाने की चाहत में युवकों ने यह कदम उठाया। खुद ही इस हुड़दंग का वीडियो इंटरनेट पर पोस्ट करना अब इन युवकों के लिए भारी पड़ता दिखाई दे रहा है, क्योंकि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर लोग जता रहे विरोध
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोग इन रईसजादों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि द्वारका एक्सप्रेस-वे पर ऐसी स्टंटबाजी अब रोज की बात बन गई है, जिससे आम लोगों का चलना दूभर हो गया है।
पुलिस की सोशल मीडिया टीम ने लिया संज्ञान
स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम ने संज्ञान लिया है। पुलिस द्वारा वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ियों के नंबर प्लेट की पहचान की जा रही है। हालांकि अभी इस संबंध में कोई केस रजिस्टर्ड नहीं हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खतरनाक ड्राइविंग, सार्वजनिक रास्ते को ब्लॉक करने, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का मामला नजर आ रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए दूसरों की जान खतरे में डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।