पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी में पुलिस से भिड़े स्टूडेंट्स:VC ऑफिस के सामने ‘जागो’ निकालने के दौरान झड़प, फीस बढ़ोतरी का विरोध कर रहे थे

पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी में छात्रों का अपनी मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से चल रहा धरना बुधवार रात हिंसक हो गया। वाइस चांसलर के खिलाफ ‘जागो’ निकालने के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिससे परिसर में तनाव बढ़ गया। छात्र फीस बढ़ोतरी वापस लेने और मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं।

छात्रों ने बुधवार रात वाइस चांसलर के खिलाफ ‘जागो’ निकालने का आह्वान किया था, लेकिन यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने इसकी अनुमति नहीं दी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जब छात्र ‘जागो’ लेकर आगे बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।

16 से 102 फीसद तक फीस बढ़ोतरी का दावा

छात्रों के अनुसार यूनिवर्सिटी में अलग-अलग पाठ्यक्रमों और सेवाओं की फीस में 16 फीसद से लेकर 102 फीसद तक बढ़ोतरी की गई है। छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी के कॉलेजों की फीस में करीब 102% और हॉस्टल फीस में 42% की बढ़ोतरी की गई है। छात्र इन बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी की ओर से फीस में कुछ प्रतिशत कटौती का प्रस्ताव दिया गया है, लेकिन छात्र इसे स्वीकार नहीं कर रहे।

चार नए हॉस्टल बनाने की मांग

छात्रों की प्रमुख मांगों में चार नए हॉस्टल का निर्माण भी शामिल है। इनमें तीन हॉस्टल केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत और एक पंजाब सरकार की ओर से बनाया जाना है। छात्रों के मुताबिक, केंद्र के दो हॉस्टल जगजीवन राम योजना और एक पीएम-अजय योजना के तहत प्रस्तावित हैं, लेकिन पंजाब सरकार की ओर से अपना हिस्सा जारी नहीं किए जाने के कारण चारों हॉस्टल का निर्माण अटका हुआ है।

यूनिवर्सिटी पर 150 करोड़ का कर्ज माफ करने की मांग

छात्रों ने पंजाब सरकार से पंजाबी यूनिवर्सिटी पर चढ़े करीब 150 करोड़ रुपए के कर्ज को माफ करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि आर्थिक बोझ कम होने से यूनिवर्सिटी की वित्तीय स्थिति सुधर सकती है और छात्रों पर बढ़ती फीस का दबाव भी कम होगा।

दोपहर में बैठक, तय होगी अगली रणनीति

रात के हंगामे के बाद फिलहाल स्थिति शांत है। छात्र आज दोपहर 3 बजे बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। फीस बढ़ोतरी, हॉस्टल निर्माण और यूनिवर्सिटी की आर्थिक स्थिति समेत सभी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की तैयारी है।