अमृतसर के रमदास क्षेत्र के जट्टा गांव में एक घर पर ग्रेनेड हमला किया गया। कुछ अज्ञात हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और ग्रेनेड फेंका। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए हैं। घायलों के तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित पारिवारिक सदस्य ने बताया कि मैं भाई को रोटी देने गया था। इसी दौरान दो अज्ञात लोग वहां आए। दोनों ने मुंह कपड़े से ढका हुआ था। उन्होंने पहले एक ग्रेनेड फेंका, जिससे घर को नुकसान पहुंचा और गाड़ी के शीशे टूट गए। फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
गांव में दिनदहाड़े घर पर दो ग्रेनेड फेंके
अकाली दल के नेता जोध सिंह समरा ने कहा कि गांव में दिनदहाड़े घर पर दो ग्रेनेड फेंके गए। इस हमले में घर के शीशे टूट गए और तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि बॉर्डर से महज एक किलोमीटर दूर स्थित गांव में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
पुलिस से पहले सेना के जवान पहुंचे
समरा के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस रात को मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही सेना के जवान वहां पहुंच गए थे। सेना की गाड़ी रूटीन में गांव की ओर आती है। उन्होंने बताया कि ग्रेनेड पुलिस को सौंप दिए गए हैं और पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।
इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक
समरा ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। दुकानदारों में डर का माहौल है। लोग अपनी दुकानें तक नहीं खोल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले थानों को निशाना बनाया जाता था, लेकिन अब लोगों के घरों में ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं।
प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा
समरा ने कहा कि घटना के बाद सुबह हो चुकी है, लेकिन अभी तक प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। उन्होंने विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल के मौके पर पहुंचने का जिक्र करते हुए कहा कि विधायक लोगों से अपना नंबर लिखने और जरूरत पड़ने पर संपर्क करने की बात कह रहे थे।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
फिलहाल परिवार की ओर से किसी के साथ दुश्मनी या विवाद की बात सामने आई है या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हमले के पीछे की वजह क्या थी और आरोपियों ने इसी घर को क्यों निशाना बनाया, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।