फलोदी में बहू ने वजनदार वस्तु से हमला कर सास की हत्या कर दी। इसके बाद पति के साथ मिलकर हत्या को आत्महत्या दिखाकर दफना दिया। मृतका की बेटी को शक हुआ तो उसने अपने भाई-भाभी पर नामजद मामला दर्ज कराया और घटना का खुलासा हुआ।
घटना फलोदी थाना क्षेत्र के सांवरीज गांव में 17 अगस्त की है। 19 अगस्त को नामजद मामला दर्ज करवाया गया और 23 अगस्त को आरापियों को पकड़ लिया और आज घटना का खुलासा किया।
फलोदी थानाधिकारी नरेश निर्वाण ने बताया- सांवरीज गांव में 17 अगस्त, सोमवार को मांगी देवी पत्नी बंशीलाल की मौत हो गई थी। मांगी देवी के चार बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि चारों बेटे अलग-अलग रहते थे।
घरेलू विवाद के बाद हत्या का आरोप
मांगी देवी (50) पति बंशीलाल अपने छोटे बेटे अशोक के साथ रहते थे। सोमवार को अशोक मजदूरी पर गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी पीहर गई हुई थी। बंशीलाल खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान दूसरे बेटे मुकेश (32) की पत्नी सदामी (27) का घर के कामकाज को लेकर सास से झगड़ा हो गया और सदामी ने तेश में आकर वजनदार वस्तु से उसके सिर पर हमला कर दिया।
घटना में मांगी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सदामी ने पति मुकेश को पूरी घटना बताई और हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। दोनों ने मिलकर शव के गले में चारपाई की रस्सी डाल दी और मौके से गायब हो गए।
घटना के समय मृतका का छोटा बेटा अशोक मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था। कुछ समय बाद मृतका मांगी की पोती सरिता दादी के लिए चाय लेकर आई तो वो जमीन पर लहूलुहान पड़ी मिली। सरिता के शोर मचाने पर सभी घरवाले इकट्ठे हुए। मुकेश और सदामी भी वहां पहुंचे। बेटियों के आने से पहले उसी दिन शव को दफना दिया।
मांगी की बेटी पुष्पा अपने ससुराल रामदेव नगर, एका भाटियान से 19 अगस्त को पहुंची तो उसे शक हुआ। बेटी ने भाई मुकेश और भाभी सदामी पर हत्या का शक जताते हुए मामला दर्ज कराया।
बेटी की शिकायत के बाद दफनाया शव बाहर निकाला
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने 19 अगस्त को सांवरिज गांव की श्मशान भूमि से दफनाए गए शव को बाहर निकलवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पहले आरोपियों ने एक तय कहानी बताई, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर बहू ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने बेटे मुकेश और बहू सदामी उर्फ सदु को गिरफ्तार कर लिया।
बेटे-बहू को कोर्ट ने जेल भेजा
मुकेश की शादी करीब 8 साल पहले बड़ी बावड़ी निवासी सदामी उर्फ सदु के साथ हुई थी। मुकेश और सदामी पास ही बने अलग मकान में रहते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।