हरियाणा में कमजोर पड़े मानसून को आज और कल दो दिन में रफ्तार मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश का जोर रहेगा, जबकि 5 सितंबर को इसका दायरा मध्य और दक्षिणी हरियाणा तक बढ़ सकता है।
आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल में यलो अलर्ट है। वहीं, कल 5 सितंबर को झज्जर, गुरुग्राम, नूंह और रेवाड़ी समेत 14 जिलों में बारिश के आसार हैं।
पश्चिमी हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और जींद में दोनों दिन बारिश का असर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जून से 3 सितंबर तक प्रदेश में 283.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य 364.6 मिमी होनी चाहिए थी।
यानी मानसून सीजन में अब तक 22% बारिश कम हुई है। ऐसे में अगले दो दिन होने वाली बारिश किसानों और आम लोगों के लिए राहत लेकर आ सकती है।
हरियाणा के 7 जिले रेड जोन में
मानसून सीजन (1 जून से 3 सितंबर 2026) के दौरान पूरे हरियाणा में औसत से 22% कम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के 7 जिले रेड जोन में चल रहे हैं। सिरसा में अब तक 53% कम बारिश हुई है, यहां अब तक 86 MM बारिश होनी चाहिए थी।
जींद में 56% कम बारिश हुई। यहां अब तक 142.1 MM बारिश हुई है। इसी तरह कैथल में 50% कम बारिश हुई है औसत बारिश का आंकड़ा यहां 156.5 MM है। अंबाला में 50% कम बारिश हुई, यहां 347 MM बारिश हुई। वहीं रोहतक में 45% कम बारिश हुई। यहां औसतम 222.5 MM बारिश रही। इनके अलावा करनाल में 43% और पंचकूला 30% कम बारिश रही है।
जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…
36.5°C के साथ भिवानी सबसे गर्म : प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया, हालांकि कल के मुकाबले इसमें 0.2°C की मामूली गिरावट आई है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.5°C भिवानी में दर्ज किया गया। हिसार में 35.9°C, सिरसा में 36.0°C और अंबाला में 34.0°C दर्ज हुआ। पानीपत और रोहतक में 34.5°C दर्ज हुआ। दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में तापमान 32.8°C से 33.5°C के बीच रहा।
रात के तापमान में राहत की उम्मीद : बीते सप्ताह के दौरान राज्य भर में न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। अंबाला का 27.3°C, हिसार का 26.1°C और करनाल का 26.2°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में रात के समय उमस भरी गर्मी का असर देखा गया। हालांकि, 4 और 5 सितंबर को पूर्वी और दक्षिणी-पूर्वी जिलों में संभावित बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण रात के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है।