प्रयागराज की जिला अदालत में उमेश पाल हत्याकांड को लेकर बहस शुरू हो गई। मंगलवार दोपहर 3:15 बजे उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने SC/ST कोर्ट पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया।
जया से जब उनके पति की हत्या को लेकर सवाल हुए तो वे भावुक हो गईं। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया। कोर्ट के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, मुझे सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। कहा जा रहा है कि RDX से उड़ा दिया जाएगा।
जया पाल ने सवाल पूछा कि आरोपी गुड्डू मुस्लिम, साबिर, अरमान कहां हैं, पुलिस क्यों इन्हें ढूंढ नहीं पा रही है? जया अपने साथ एक सोशल मीडिया पोस्टर लेकर आई थीं, जिस पर धमकियां लिखी थीं। कोर्ट में अपनी बातें रखने के बाद जया पाल ने पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया से मुलाकात कर धमकी देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
प्रयागराज में 24 फरवरी, 2023 को उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की दिनदहाड़े गोली और बम मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल 2005 में हुए बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के प्रमुख गवाह थे। हत्याकांड की साजिश रचने और इसे अंजाम देने का आरोप माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, बेटे असद और उनके गुर्गों पर लगा था।
जया बोलीं- अतीक गैंग के लोग रोज मेरी रेकी करते हैं
जया पाल ने कहा- मेरी जान को खतरा है। आज भी मेरी रेकी की गई है। अतीक गैंग से जुड़े कुछ लोग अब भी सक्रिय हैं।
उन्होंने अपनी सुरक्षा और बढ़ाए जाने की मांग को लेकर कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया और सीसीटीवी फुटेज दिए। कोर्ट ने पुलिस कमिश्नर को तत्काल सुरक्षा बढ़ाए जाने का आदेश जारी किया।
आज मुझे पति की हत्या का सीन याद आ रहा
जया पाल ने कहा- मुझे आज वो सीन याद आ रहा है…मेरे पति कोर्ट से ही लौटकर गए थे तो रास्ते में उन्हें बेरहमी से मार दिया गया था। मेरी भी हत्या हो जाएगी, जैसे मेरे पति की हत्या हुई थी। आरोपी गुड्डू मुस्लिम, साबिर, अरमान को पुलिस अब पकड़ क्यों नहीं पा रही है।
जया पाल ने अतीक अहमद के सबसे बड़े बेटे उमर का पोस्टर दिखाया। उमर उंगली दिखाकर चुप रहने के लिए कह रहा है। ये इशारा किसके लिए है। रोज सोशल मीडिया पर चल रहा है कि उमर आएगा, अली आएगा, अहजम बाहर है। मेरे परिवार को टार्चर किया जा रहा है। मुझे इंसाफ चाहिए।
जया पाल के कोर्ट पहुंचने की वजह से सुरक्षा इंतजाम कड़े रहे। उमेश पाल की पत्नी कई वकीलों और समर्थकों के साथ अदालत पहुंची थीं। इससे पहले एक सितंबर को भी जया पाल ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया था।
2005: राजू पाल हत्याकांड प्रयागराज में बसपा विधायक राजू पाल की हत्या हुई। उमेश पाल इस मामले के प्रमुख गवाहों में शामिल थे। आगे चलकर यही गवाही उमेश पाल हत्याकांड की वजह बनी।
24 फरवरी 2023: उमेश पाल की हत्या प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में उमेश पाल पर हमला हुआ। वह अपने घर लौट रहे थे। हमले में उमेश पाल और उनकी सुरक्षा में तैनात दो सरकारी गनरों की मौत हो गई। घटना के बाद उमेश पाल की पत्नी जया पाल की तहरीर पर अतीक अहमद, अशरफ, शाइस्ता परवीन, असद समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
27 फरवरी 2023: पहला पुलिस एनकाउंटर हत्याकांड के तीन दिन बाद पुलिस ने अरबाज को मुठभेड़ में मार गिराने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, अरबाज पर हमलावरों की गाड़ी चलाने का आरोप था।
मार्च 2023: जांच और गिरफ्तारियां तेज पुलिस ने मामले में आरोपियों और कथित मददगारों की गिरफ्तारी शुरू की। जांच में बरेली जेल में बंद अशरफ से कथित तौर पर साजिश से जुड़े संपर्कों की बात भी सामने आई। बरेली पुलिस ने बाद में नौ लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।
13 अप्रैल 2023: असद और गुलाम मुठभेड़ में मारे गए उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी अतीक अहमद के बेटे असद और शूटर गुलाम को उत्तर प्रदेश पुलिस ने झांसी में मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों पर उमेश पाल हत्याकांड में शामिल होने का आरोप था।
15 अप्रैल 2023: अतीक और अशरफ की हत्या अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को प्रयागराज में पुलिस की मौजूदगी में गोली मार दी गई। दोनों उस समय पुलिस हिरासत में थे और उमेश पाल हत्याकांड की जांच में आरोपी थे।
मई 2023: पहली चार्जशीट प्रयागराज पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में पहली चार्जशीट दाखिल की। इसके बाद जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आरोपपत्र दाखिल किए गए।
17 जून 2023: दूसरी चार्जशीट पुलिस ने अतीक के वकील खान सौलत हनीफ, इकलाख अहमद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की।
अक्टूबर 2023: विजय मिश्रा के खिलाफ चार्जशीट पुलिस ने अतीक परिवार के वकील विजय मिश्रा के खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल की।
2024: अतीक के बेटों उमर और अली पर कार्रवाई पुलिस ने जांच के बाद अतीक के बेटों उमर और अली के खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल की। पुलिस के अनुसार, दोनों पर हत्याकांड की साजिश की जानकारी होने के आरोप लगाए गए।
अक्टूबर 2024: गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान के खिलाफ चार्जशीट पुलिस ने फरार आरोपियों गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान के खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल की। ये तीनों घटना के बाद से फरार बताए गए।