हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने आगामी रबी सीजन (2026-27) के लिए प्रमाणित गेहूं बीज के सरकारी बिक्री रेट घोषित कर दिए हैं। प्रदेश के किसानों को सरकारी केंद्रों से 40 किलोग्राम का गेहूं बीज का बैग 1080 रुपए में मिलेगा। कृषि विभाग ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
सरकार एमआरपी से सीधी छूट दे रही है। सरकार के अनुसार गेहूं का कुल रेट ₹4,395 प्रति क्विंटल है। इस पर सरकारी सब्सिडी ₹1,695 प्रति क्विंटल पड़ती है। सब्सिडी के बाद ₹2,700 प्रति क्विंटल पड़ता है। इस तरह सरकार 40 KG बैग ₹1,080 रुपए में दे रही है।
10 साल पुरानी किस्मों पर छूट
यह सब्सिडी 10 साल से कम पुरानी सभी नोटिफाइड किस्मों पर लागू होगी। C-306 किस्म पर यह सब्सिडी लागू नहीं होगी। HAFED, HSSCA, HLRDC, KRIBHCO, IFFCO, NFL और NSC जैसी सरकारी एजेंसियों के बिक्री केंद्रों पर यह बीज उपलब्ध रहेगा।
सिर्फ हरियाणा के किसानों के लिए छूट
सरकार के आदेशों में यह स्पष्ट है कि यह छूट केवल हरियाणा के स्थानीय किसानों को मिलेगी। प्राइवेट कंपनियों, सरकारी प्रदर्शनियों और FPOs को इस दर पर सब्सिडी नहीं दी जाएगी।