बहादुरगढ़ के नया गांव बाइपास पर तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर कूदकर दूसरी तरफ जा पहुंची और सामने से आ रही अर्टिगा कार से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि अर्टिगा में सवार फूलन देवी की मौत हो गई, जबकि रामावतार, उनकी बेटी लक्ष्मी, दामाद वीरेंद्र और शिवम घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
नांगलोई से हिसार जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी रामावतार अपने परिवार के साथ नांगलोई, दिल्ली में रहते हैं। देर रात वह अपनी अर्टिगा कार से परिवार के सदस्यों के साथ नांगलोई से हिसार के लिए रवाना हुए थे। कार में रामावतार, उनके दामाद वीरेंद्र, बेटी लक्ष्मी, फूलन देवी, शिवम और बेटा हर्षित सवार थे।
रामावतार के अनुसार वे नया गांव बाइपास पर पहुंचे। इसी दौरान सामने की तरफ से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर को पार करते हुए उनकी कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा में सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने फूलन देवी को मृत घोषित कर दिया।
गर्भवती बेटी को दिल्ली कराया भर्ती
हादसे में रामावतार के सिर में चोट लगी है, जबकि उनकी बेटी लक्ष्मी के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। लक्ष्मी करीब पांच माह की गर्भवती बताई जा रही है। हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वीरेंद्र और शिवम का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फूलन देवी को हिसार छोड़ने जा रहा था परिवार
बताया गया है कि रामावतार परिवार के साथ फूलन देवी को हिसार छोड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नया गांव बाइपास पर यह हादसा हो गया। हादसे में परिवार की यात्रा मातम में बदल गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घायलों और परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों के बयान के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे के कारणों और दूसरी गाड़ी के चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।