कांग्रेस ने अगस्ता वेस्टलैंड के स्वामित्व वाली कंपनी फिनमैकानिका से खरीद पर लगे प्रतिबंध हटाए जाने की खबरों को लेकर सोमवार को सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने सवाल किया कि मोदी सरकार और फिनमैकानिका के बीच क्या ‘गुप्त सौदा’ हुआ है। भारत सरकार ने 12 वीवीआइपी हेलीकाप्टरों की खरीद से जुड़े अनुबंध के कथित उल्लंघन और रिश्वत के आरोपों के चलते फिनमैकानिका की ब्रिटिश इकाई अगस्ता वेस्टलैंड के साथ अनुबंध 2014 में खत्म कर दिया था।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘पहले अगस्ता भ्रष्ट थी, अब भाजपा की लांड्री में धुलने के बाद यह साफ हो गई है।’ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘मोदी सरकार और अगस्ता/फिनमैकेनिका के बीच गुप्त सौदा क्या है? क्या अब उस कंपनी से डील करना ठीक है जिसे मोदीजी और उनकी सरकार ने भ्रष्ट-रिश्वत देने वाली फर्जी कंपनी बताया था? क्या फर्जी भ्रष्टाचार के नकली दलदल को दफन किया जा रहा है? मौकाजीवी मोदी जी, देश जवाब मांग रहा है!’