परिवहन विभाग के SI के ठिकानों पर EOU की रेड:आरा में टीम को देखकर फेंकें कागजात; पटना में भी छापेमारी; आय से 150% अधिक संपत्ति का आरोप

परिवहन विभाग के मोबाइल सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता के ठिकानों पर बुधवार सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने छापेमारी की है। रेड आरा और पटना में चल रही है। अमित कुमार गुप्ता फिलहाल भभुआ में मोबाइल सब इंस्पेक्टर के पोस्ट पर तैनात हैं।

आरा शहर के अवधपुरी इलाके में तीन मंजिला मकान में सुबह-सुबह टीम पहुंची है। वहीं EOU की एक टीम पटना जिले के दानापुर क्षेत्र के आंसुपुर स्थित फ्लैट नंबर 609 पर भी जांच कर रही है।

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कार्रवाई की जा रही है। SI पर आय से 1 करोड़, 49 लाख से ज्यादा संपत्ति बनाने का आरोप है, जो आय के ज्ञात स्रोतों से करीब 150 प्रतिशत से अधिक है।

बताया जा रहा है कि EOU की टीम को देखते ही अमित ने कुछ जरूरी कागजातों को घर के बाहर फेंक दिया, जिसे जब्त किया गया है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों की मानें तो कोइलवर इलाके में SI की 12 कट्ठा, जबकि आरा शहर में ही 2.6 कट्ठा जमीन है। शहर वाली जमीन पर मकान बनवाया जा रहा है। अमित दो भाई हैं, जिसमें छोटा भाई CRPF में कमांडेंट है।

मकान में खड़ी इलेक्ट्रिक कार की भी जांच

बुधवार सुबह EOU की टीम अचानक अवधपुरी स्थित मकान पर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी शुरू की। टीम के अधिकारी मकान के एक-एक कमरे और कोने की बारीकी से जांच कर रहे हैं। घर में मौजूद दस्तावेज, जमीन और मकान से जुड़े कागजात, वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामानों को खंगाला जा रहा है। मकान परिसर में खड़ी इलेक्ट्रिक कार की भी टीम जांच कर रही है।

भभुआ में पोस्टेड हैं अमित कुमार गुप्ता

बताया जा रहा है कि अमित कुमार गुप्ता 2014 बैच के मोबाइल सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में भभुआ में पदस्थापित हैं।

आरोप है कि नौकरी जॉइन करने के बाद उन्होंने जमीन, मकान समेत बड़ी मात्रा में चल-अचल संपत्ति अर्जित की। EOU की कार्रवाई के बाद जांच टीम संपत्तियों और उनके आय के स्रोतों के बीच सामंजस्य की पड़ताल कर रही है।

अमित गुप्ताा के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। बेटी एमबीबीएस की स्टूडेंट हैं, जबकि बेटा स्कूल में पढ़ाई करता है।

छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेज और संपत्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।